ISIS की भारत में बड़े आतंकी हमलों की साजिश नाकाम, ATS ने गिरफ्तार किए 3 आतंकवादी: हथियार लेने पहुँचे थे गुजरात

देश की सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवाद के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। गुजरात में आतंक विरोधी दस्ते (ATS) ने अडालज से ISIS से जुड़े तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार कर एक बड़े आतंकी षड्यंत्र को विफल कर दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों संदिग्ध पिछले कई महीनों से ATS के रडार पर थे। वे देश में बड़े पैमाने पर हमले की योजना बना रहे थे और हथियार लेने के लिए गुजरात पहुँचे थे। ATS ने खुफिया इनपुट के आधार पर इन पर नजर रखी और उचित समय पर कार्रवाई कर इन्हें पकड़ लिया।

शुरुआती जाँच में पता चला है कि तीनों आतंकवादी पूरी तरह से प्रशिक्षित हैं और इनकी उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है। इनमें से दो संदिग्धों का संबंध पश्चिमी उत्तर प्रदेश से है जबकि तीसरा आरोपित हैदराबाद का रहने वाला है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ISIS देश में अपने नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश कर रहा है और युवाओं को गुमराह कर उन्हें आतंक की राह पर धकेलने के प्रयास कर रहा है। हाल के दिनों में झारखंड की राजधानी रांची से भी इसी मॉड्यूल से जुड़े कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।