अनम अंसारी बनी अन्नू शर्मा, घर वापसी कर हिंदू प्रेमी से बरेली के शिव मंदिर में किया विवाह: बोली- ‘राधा-कृष्ण की भक्ति में बिता दूँगी जीवन’

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक मुस्लिम युवती ने इस्लाम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपना लिया और अपने प्रेमी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। युवती ने धर्म परिवर्तन के बाद अपना नाम बदलकर अन्नू शर्मा रख लिया है। मुस्लिम युवती ने अपने परिजन से खतरा जताते हुए पुलिस से सुरक्षा की माँग भी की है।

मामला हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गाँव लाड़पुर उस्मानपुर का है। यहाँ की रहने वाली अनम अंसारी की कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर पीलीभीत निवासी आदर्श शर्मा से जान-पहचान हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और विवाह का निर्णय लिया गया। परिवार के विरोध के बावजूद अनम ने घर छोड़ दिया और शनिवार (8 नवंबर 2025) को बरेली के एक शिव मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से सात फेरे लेकर आदर्श शर्मा से शादी कर ली।

अन्नू शर्मा का कहना है कि उन्हें भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी से गहरा लगाव है और वे उनकी भक्ति में जीवन व्यतीत करना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि धर्म परिवर्तन उन्होंने अपनी मर्जी से किया है, किसी के दबाव में नहीं। वहीं, युवती ने अपने परिजनों से जान का खतरा जताते हुए SSP को पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।