बिहार के सासाराम में रविवार (9 नवंबर 2025) को जनसभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद ही यह साफ हो गया है कि बिहार में NDA की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला और मतदाताओं से अपील की कि वे ‘जंगलराज’ को दोबारा न लौटने दें।
अमित शाह: हम लखपति दीदी के वोट से जीतने आए हैं
संबोधन के दौरान शाह ने कहा, “कुछ दिन पहले राहुल और तेजस्वी ने एक यात्रा निकाली थी। ये यात्रा उन्होंने घुसपैठियों को बचाने के लिए निकाली थी। देश में घुसपैठिए, युवाओं की नौकरियाँ छीन रहे हैं, गरीबों के हिस्से के राशन में अपना हिस्सा ले रहे हैं और साथ ही देश की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “राहुल और तेजस्वी जो करना चाहें, करने दें, मैं आज सासाराम की धरती से यह कहकर जाता हूँ कि हम बिहार और देश से एक-एक घुसपैठिए को निकालने का काम करेंगे। उन्होंने (राहुल और तेजस्वी) घुसपैठियों को अपना वोट बैंक बना लिया है। हमें घुसपैठियों के वोट नहीं चाहिए। हम तो सासाराम के युवाओं के वोट और लखपति दीदी के वोट से जीतने आए हैं।”
‘लालटेन वालों’ को सत्ता में आने देना बिहार के विकास को रोक देगा: शाह
अमित शाह ने चेतावनी दी कि अगर जरा सी भी गलती हुई तो बिहार फिर से अराजकता के दौर में चला जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘लालटेन वालों’ को सत्ता में आने देना बिहार के विकास को रोक देगा। शाह ने कहा कि NDA की सरकार ही राज्य को स्थिरता और विकास की दिशा में आगे ले जा सकती है।
केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा, “जब केंद्र में सोनिया-मनमोहन की सरकार थी, तब आतंकवादी देश में घुसकर हमारी धरती को लहूलुहान करके भाग जाते थे और कोई पूछने वाला नहीं था। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आई, तो स्थिति बदल गई। उरी में हमला हुआ, हमने सर्जिकल स्ट्राइक की। पुलवामा हमले के बाद हमने एयर स्ट्राइक की।”
#BiharElections | Union HM Amit Shah in Sasaram, Bihar
— TIMES NOW (@TimesNow) November 9, 2025
When PM Modi came to power, the situation changed. We replied terror attacks with surgical strike and airstrike…'आगे अगर आतंकी गोली चलाएंगे, तो हम गोली का जवाब गोले से देंगे': Union HM @AmitShah pic.twitter.com/BseM7AeQfi
शाह ने आगे कहा, “पहलगाम में हमारे यात्रियों को धर्म पूछकर मारा, 22 दिन के भीतर ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में घुसकर हमने आतंकियों का सफाया किया गया। यहाँ माँ शाक्तिपीठ की पवित्र भूमि पर मैं कहता हूँ, अगर आतंकवादी गोली चलाएँगे तो हम गोलाबारी से जवाब देंगे। क्या आप जानते हैं वह गोला कहाँ बनेगा? प्रधानमंत्री मोदी बिहार में डिफेंस कॉरिडोर बनाएँगे और एक आर्डनेंस फैक्ट्री स्थापित की जाएगी।”
किसानों के लिए बड़ा वादा
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री किसान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान में बिहार के 85 लाख से अधिक किसानों को हर साल 6,000 रुपए की सहायता मिलती है। उन्होंने वादा किया कि अगर बिहार में NDA की सरकार बनी, तो यह राशि बढ़ाकर 9,000 रुपए कर दी जाएगी।

