अमेरिका के शिकागो शहर के लिटिल विलेज (Little Village) इलाके में हुई एक घटना का चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में संघीय एजेंट (Federal Agents) एक साल की बच्ची और उसके पिता पर पेपर स्प्रे करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घटना शनिवार (8 नवंबर 2025) की सुबह की बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रफाएल वराजा (Rafael Veraza) अपनी 1 साल की बेटी एरियाना वराजा (Arianna Veraza) के साथ शिकागो के Sam’s Club नामक स्टोर की पार्किंग में मौजूद थे।
इसी दौरान वहाँ यूएस बॉर्डर पेट्रोल (US Border Patrol) के एजेंट पहुँचे और उन्होंने कार के अंदर मौजूद वराजा और उनकी छोटी बच्ची पर पेपर स्प्रे का इस्तेमाल कर दिया।
पीड़ित ने क्या कहा?
रफाएल वराजा का कहना है कि उन्होंने किसी को नुकसान नहीं पहुँचाया था और न ही कोई कानून तोड़ा था, फिर भी एजेंट ने उनके साथ ऐसा किया। उन्होंने बताया, “मैं बस वहाँ से निकल रहा था, तभी उन्होंने पीछे से स्प्रे कर दिया। मुझे साँस लेने में तकलीफ होने लगी क्योंकि मुझे अस्थमा है। मेरी बच्ची भी साँस नहीं ले पा रही थी और अपनी आँखें खोलने की कोशिश कर रही थी।”
Here’s video of federal agents doing a drive by pepper spraying that hit a father and his one-year old on Saturday when the Feds were hitting Little Village and Cicero pic.twitter.com/hV8YBI3o8z
— Gregory Royal Pratt (@royalpratt) November 9, 2025
वीडियो में देखा जा सकता है कि छोटी बच्ची रो रही है, खाँस रही है और उसे साँस लेने में दिक्कत हो रही है। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसकी मदद करने की कोशिश की और इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
DHS ने आरोपों से किया इंकार
दूसरी ओर यूएस डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उस समय एजेंट्स भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे, क्योंकि कुछ लोगों ने उन पर ईंटें, बोतलें और अन्य चीजें फेंकीं। विभाग ने यह नहीं बताया कि वराजा और उनकी बेटी पर स्प्रे क्यों किया गया।
इस घटना के बाद से स्थानीय समुदाय और नागरिक अधिकार संगठनों में गहरी नाराजगी है। लोगों ने इसे ‘अत्यधिक बल प्रयोग’ करार दिया है और सरकार से एजेंट्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह घटना दिखाती है कि संघीय एजेंसियों द्वारा बल प्रयोग पर नियंत्रण की कमी है।
खासकर तब जब कोर्ट ने हाल ही में एजेंट्स के लिए बल प्रयोग के नियम और कड़े किए हैं। फिलहाल इस मामले की जाँच की जा रही है, लेकिन जनता में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर एक मासूम बच्ची पर पेपर स्प्रे जैसी खतरनाक चीज क्यों इस्तेमाल की गई?

