ISIS आतंकी को बेंगलुरु जेल में मिली फोन की सुविधा, वीडियो वायरल हुआ तो कॉन्ग्रेस सरकार को लेना पड़ा एक्शन: 3 अधिकारियों पर गिराई गाज

कर्नाटक के बेंगलुरु की पराप्पना अग्रहरा सेंट्रल जेल में ISIS के आतंकी समेत बाकी कैदियों का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य कारागार अधीक्षक के सुरेश का ट्रांसफर कर दिया गया है। वहीं दो अधिकारी को सस्पेंड किया गया है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वरा ने बताया कि अब इस सेंट्रल जेल पर पहली बार IPS अधिकारी नजर रखेंगे।

सेंट्रल जेल का वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने सोमवार (10 नवंबर 2025) को कर्नाटक की कॉन्ग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के निवास का घेराव करने निकले लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने BJP नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।

गौरतलब है कि शनिवार (08 नवंबर 2025) को बेंगलुरु के सेंट्रल जेल से 55 मिनट की शराब पार्टी का वीडियो सामने आया था। वहीं एक अन्य वीडियो में ही ISIS आतंकी जुहैब हमीद शकील मन्ना फोन इस्तेमाल करता दिख रहा था। वीडियो को 10 दिन पुराना बताया जा रहा है।