अस्पताल में रिश्तेदार से मिलने आई हिंदू युवती, साहिल-फैजान जबरन धर्मांतरण के लिए ले जाने लगे: MP के खंडवा का मामला, पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज

मध्य प्रदेश के खंडवा जिला अस्पताल में गुरुवार (13 नवंबर 2025) की देर शाम एक संदिग्ध स्थिति देखने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने दो मुस्लिम युवकों को रोकने की कोशिश की। सिक्योरिटी गार्ड को उन पर शक हुआ, लेकिन युवक वहाँ से निकल गए। उनके साथ दिखी युवती से पूछताछ की गई तो वह घबरा गई और रोने लगी। बाद में उसने बताया कि वे जबरन उसका धर्मांतरण कराने के लिए अपने साथ ले जा रहे थे।

थाने में 20 वर्षीय युवती ने लिखित शिकायत में बताया कि वह एक दुकान में काम करती है और कुछ दिन पहले एक रिश्तेदार से मिलने अस्पताल आई थी। उसी दौरान उसकी मुलाकात एक मुस्लिम सहेली से हुई, जो एक मरीज से मिलने आई थी। सहेली के साथ आए युवक साहिल को उसी समय उसके मोबाइल से कॉल किया गया था, जिससे साहिल के पास उसका नंबर चला गया।

युवती के अनुसार, इसके बाद साहिल ने उसे फोन कर उससे बातचीत बढ़ाने की कोशिश की और कहा कि वह उससे निकाह करना चाहता है, जिसके लिए उसे धर्म परिवर्तन करना पड़ेगा। युवती का कहना है कि उसने इस प्रस्ताव को मना कर दिया था।

घटना वाले दिन युवती अपने सहकर्मी के साथ अस्पताल आई थी, लेकिन सहकर्मी के कुछ समय के लिए बाहर जाने पर साहिल और उसका साथी फैजान उससे मिले। युवती का आरोप है कि दोनों ने उसे अपने साथ चलने और धर्म बदलवाने की बात कही। उसने कहा कि जब वह वहाँ से निकलने लगी, तो उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की गई।

थाना प्रभारी धीरेश धारवाल ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर फैजान और साहिल के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।