प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कहा था कि बिहार में भाजपा की बड़ी जीत ने पश्चिम बंगाल में ‘जंगल राज खत्म करने’ का रास्ता साफ कर दिया है। इस पर तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) ने तीखा पलटवार किया है। TMC प्रवक्ता कुणाल घोष ने मोदी के दावे को ‘कोरी कल्पना’ बताते हुए खारिज कर दिया। TMC प्रवक्ता ने पूरे विश्वास के साथ कहा कि ममता बनर्जी 2026 में 250 से ज्यादा सीटों के साथ लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी।
बंगाल में काम नहीं करेगी बिहार की राजनीति
जानकारी के अनुसार, TMC प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि मोदी का यह कहना कि ‘जैसे गंगा बिहार से बंगाल की ओर बहती है, वैसे ही भाजपा की जीत भी वहाँ बहेगी,’ बंगाल की राजनीतिक समझ की कमी दिखाता है। TMC प्रवक्ता ने कहा कि बंगाल के लोग भाजपा की नफरत की राजनीति को बार-बार नकार चुके हैं। घोष ने कहा कि राज्य को जीतने का भाजपा का सपना एक भ्रम है। घोष ने कहा, “बिहार की केमिस्ट्री यहाँ काम नहीं करेगी।” उन्होंने जोर देकर कहा, “बंगाल में ममता बनर्जी ही कमांडर हैं।”
.@AITCofficial will form their 4th term Govt under the leadership of @MamataOfficial in West Bengal.. no Bihar effect will be here. pic.twitter.com/eN2Tb9mpN9
— Kunal Ghosh (@KunalGhoshAgain) November 14, 2025
‘जंगल राज’ के आरोपों पर TMC का जवाब
मोदी द्वारा बंगाल में ‘जंगल राज’ के आरोप पर TMC प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि बंगाल में कोई ‘जंगल राज’ नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘जंगल राज’ तो वाम दल (Left) के शासनकाल में था। सरकारी डेटा (आँकड़ों) से पता चलता है कि बंगाल सबसे सुरक्षित राज्यों में से एक है।
घोष ने भाजपा शासित उत्तर प्रदेश की उन्नाव,हाथरस और प्रयागराज की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ‘जंगल राज’ तब होता है जब बलात्कार पीड़ितों के परिवारों पर हमला होता है। TMC प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री को बंगाल को उपदेश देने से पहले अपने राज्यों पर ध्यान देना चाहिए।
2021 और 2024 की हार से सबक
TMC प्रवक्ता घोष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अभी भी 2021 (विधानसभा) और 2024 (लोकसभा) चुनावों की हार से सबक सीखना बाकी है। उन्होंने कहा कि 2026 का फैसला भी अलग नहीं होगा।
घोष ने कहा, “आप 2021 विधानसभा चुनाव हारे, पंचायत चुनाव हारे। यहाँ डेरा डालने के बावजूद आप लोकसभा सीटें हारे।” उन्होंने दावा किया कि 2026 में ममता बनर्जी 250 से अधिक सीटों के साथ लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी।

