दिल्ली में लाल किले के पास खुद को बम से उड़ाने वाले सुसाइड बॉम्बर डॉक्टर उमर नबी का एक नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में नबी ‘सुसाइड बॉम्बिंग’ की बात करता दिख रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो 10 नवंबर की शाम को हुए आतंकी हमले से कुछ दिनों पहले ही बनाया गया था।
सामने आए इस वीडियो में उमर कह रहा है, “आत्मघाती हमलों का सबसे अहम मुद्दा यह है कि जब कोई व्यक्ति यह मान लेता है कि वह किसी तय समय और स्थान पर निश्चित रूप से मरने जा रहा है तो वह एक खतरनाक मानसिकता में चला जाता है। वह खुद को एक ऐसी स्थिति में रखता है, जहाँ वह मान लेता है कि मौत ही उसकी एकमात्र मंजिल है।”
वीडियो में उमर आगे कह रहा, “हकीकत यह है कि किसी भी लोकतांत्रिक और मानवीय व्यवस्था में ऐसी सोच या ऐसी स्थिति को स्वीकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह जीवन, समाज और कानून तीनों के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।”
दिल्ली में लाल किले के पास हुए ब्लास्ट से पहले डॉ. उमर का वीडियो आया सामने।#Delhi #UmarMohammad #RedFortBlast #ATReel #AajTakSocial pic.twitter.com/6gyoszZTfx
— AajTak (@aajtak) November 18, 2025
उमर का कहना है कि सुसाइड बॉम्बिंग को लेकर कई तरह की गलतफहमियाँ फैली हुई हैं। उसके मुताबिक, इस्लाम में इसे लंबे समय से जाना-पहचाना कदम माना जाता रहा है और इसी को लेकर कई बहसें भी होती रही हैं।
वह इसे ‘शहादत का ऑपरेशन‘ बताकर पेश कर रहा है और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए उकसा रहा है। हालाँकि, यह वीडियो कहाँ से आया है और इसे किसने जारी किया है, इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि दिल्ली में लाल किले के बाहर हुए इस आत्मघाती हमले में 15 लोगों की मौत हो चुकी है और इस मामले में पुलिस ने कई डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है।

