लॉरेंस बिश्नोई गैंग को चलाने वाले उसके भाई अनमोल बिश्नोई को भारत लाया जा रहा है। उसे अमेरिका ने भारत सरकार के अनुरोध पर डिपोर्ट कर दिया है। उसकी 18 संगीन मामलों में तलाश है, जिसमें महाराष्ट्र के विधायक बाबा सिद्दीकी मर्डर केस भी शामिल है। अनमोल को नवंबर 2024 में अमेरिकी अधिकारियों ने पकड़ा था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने अनमोल बिश्नोई को डिपोर्ट करने की जानकारी भारत सरकार के साथ साझा किया है, साथ ही बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को भी संभवत: साझा किया है। इस मामले में खुद जीशान सिद्दीकी ने जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि उन्हें अनमोल के डिपोर्टेशन से जुड़ी जानकारी अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी की तरफ से मिली है, जिसने खुद मेल पर जीशान को ये सूचना दी।
जीशान ने ईमेल का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें साफ लिखा कि अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से हटा दिया गया है। इस अपराधी को 18 नवंबर 2025 को डिपोर्ट कर दिया गया।
बता दें कि अनमोल बिश्नोई पर 18 गंभीर मामले दर्ज हैं, जिसमें उसकी तलाश है। इसमें बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के साथ ही पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी मामला है। इसके अलावा एक्टर सलमान खान के मुंबई वाले घर के बाहर हुई फायरिंग केस में भी उसकी तलाश है।
गौरतलब है कि नवंबर 2024 अनमोल की गिरफ्तारी के बाद भारत ने उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की थी। उसके खिलाफ इंटरपोल ने भी रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। अनमोल बिश्नोई पर NIA ने 10 लाख का ईनाम रखा था और वो NIA की मोस्ट वांटेड लिस्ट में भी शामिल है। वो अमेरिका में पकड़े जाने से पहले भारत से बाहर रहकर ही लॉरेंस का गैंग ऑपरेट करता था।

