US से डिपोर्ट हुआ अनमोल बिश्नोई दिल्ली एयरपोर्ट पर अरेस्ट, NIA को मिली 11 दिन की ट्रांजिट रिमांड: सलमान-सिद्दीकी-मूसेवाला जैसे 18 केस में तलाश

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई और मोस्ट वॉन्टेड अपराधी अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत डिपोर्ट कर दिया गया। बुधवार (19 नवंबर 2025) की शाम उसे दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर उतारते ही NIA और दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद अनमोल को कड़े सुरक्षा घेरे में पटियाला हाउस कोर्ट ले जाया गया, जहाँ कोर्ट ने उसे 11 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर NIA को सौप दिया।

अनमोल 2022 से फर्जी पासपोर्ट पर अमेरिका में छिपा हुआ था। उस पर NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश रचने, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर गोलीबारी और विदेश से ऑनलाइन धमकी देने जैसे 18 से अधिक गंभीर मामलों में आरोप हैं।

जाँच एजेंसियों के अनुसार, वह विदेश से बैठकर आपराधिक नेटवर्क संचालित करता था और एक्सटॉर्शन रैकेट चलाता था। उसकी गिरफ्तारी को गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।