नेहा सिंह राठौर की गिरफ्तारी के लिए UP पुलिस ने बनाई विशेष टीम, जमानत याचिका खारिज होने के बाद गिरफ्तारी की लटकी तलवार: लोक गायिका ने पहलगाम हमले पर किया था विवादित पोस्ट

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद नेहा सिंह राठौर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट किया था। इस पोस्ट को लेकर लखनऊ के हजरतगंज थाने में उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह-जगह छापे मार रही है। नेहा पर भड़काऊ और विवादित सोशल मीडिया पोस्ट करने का आरोप है।

राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर आरोप

पुलिस का कहना है कि नेहा के पोस्ट का इस्तेमाल पाकिस्तान में भारत-विरोधी गतिविधियों के लिए हुआ है। उन पर देश की संप्रभुता और राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुँचाने तथा धर्म और जाति के नाम पर नफरत फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।

डिजिटल जाँच में नेहा के पोस्ट की सत्यता साबित हुई है। नेहा ने अग्रिम जमानत के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दी थी। लेकिन, बीमारी का बहाना बनाकर बार-बार बयान दर्ज नहीं कराने पर कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने उन्हें पुलिस के सामने पेश होने का निर्देश दिया है।

गिरफ्तारी की कोशिश तेज

कोर्ट से राहत न मिलने के बाद पुलिस ने नेहा की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई है। हजरतगंज पुलिस अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही नेहा सिंह राठौर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मामले में हजरतगंज पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल कर दी है और नेहा की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। पुलिस अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि टीम अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही ह, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।