महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के चेंबूर इलाके में स्थित श्मशान भूमि के काली माता मंदिर में मूर्ति को ‘मदर मैरी’ जैसा रूप देने पर हिंदुओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। घटना के बाद पुलिस ने पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सोशल मीडिया पर पुजारी पर कड़ी कार्रवाई करने की माँग तेज हो गई है।
पुलिस के अनुसार, मंदिर के पुजारी रमेश ने काली माता की मूर्ति पर पीले वस्त्र और मुकुट पहनाकर उसे मदर मैरी जैसा रूप दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में रमेश ने कहा कि उसे देवी ने सपने में ऐसा करने को कहा था।
हालाँकि, स्थानीय हिंदू संगठनों ने इस दावे को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि पुजारी ने पैसे लेकर यह कृत्य किया है और जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाई है। पुलिस ने पुजारी के खिलाफ BNS की धारा 295 के तहत मामला दर्ज किया है। कोर्ट में पेशी के बाद पुजारी को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।
जाँच में यह पता लगाया जा रहा है कि क्या यह केवल पुजारी का व्यक्तिगत कदम था या फिर किसी संगठन की भूमिका भी इसमें शामिल है। साथ ही, कथित पैसों के लेन-देन की भी जाँच हो रही है।

