आयशा परवीन ने हिंदू छात्रा के मंदिर पर गिराई सिगरेट की राख, बोली- ‘तेरे भगवान हैं मेरे नहीं’: मना करने पर सहेली संग लड़की को पीटा, 2 घंटे तक कमरे में बनाया बंधक

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में स्थित अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार (27 नवंबर 2025) को दो छात्राओं के बीच हुआ विवाद गंभीर रूप ले लिया है। पीड़ित छात्रा स्मिता ने आरोप लगाया कि वह अपने कमरे में पूजा कर रही थी, तभी उसकी रूममेट आयशा परवीन सिगरेट पीते हुए कमरे में आई और पूजा स्थान के पास राख गिराने लगी। स्मिता के विरोध करने पर आयशा द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी करने से विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुँच गया।

आरोप है कि आयशा परवीन ने अपनी एक सहेली को भी कमरे में बुला लिया और दोनों ने मिलकर स्मिता के साथ मारपीट की। पीड़ित छात्रा का दावा है कि उसे करीब दो घंटे तक कमरे में ही बंधक बनाए रखा गया। घटना के बाद स्मिता ने तत्काल इसकी शिकायत हॉस्टल वार्डन और विश्वविद्यालय के कुलगुरु से की।

ABVP ने की कार्रवाई की माँग

शिकायत पर तुरंत कार्रवाई न होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। ABVP के जिला संयोजक पीएन पांडेय ने आरोप लगाया कि छात्रा के साथ गंभीर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न हुआ है।

उन्होंने पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपित छात्राओं पर FIR दर्ज करने की माँग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।

वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना पर संज्ञान लेते हुए कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही हॉस्टल वार्डन से रिपोर्ट माँगी गई है। कुलगुरु राजकुमार कुडारिया ने बयान जारी कर बताया कि पूरे मामले की जाँच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है। जाँच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।