अमेरिका को मिला भारत की प्रतिभाओं का लाभ: एलन मस्क ने निखिल कामथ के पॉडकास्ट में की भारतीय टैलेंट की तारीफ, देशवासियों के नाम दिया खास संदेश

टेस्ला और स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क ने कहा है कि अमेरिका को भारतीय लोगों की प्रतिभाओं से बहुत लाभ हासिल हुआ है। मस्क, जेरोधा के को-फाउंडर निखिल कामथ के पॉडकास्ट ‘WTF Is’ के नए एपिसोड में बातचीत कर रहे थे।

पॉडकास्ट के दौरान जब कामथ ने पश्चिमी देशों की बड़ी कंपनियों में भारतीय CEOs की बढ़ती मौजूदगी पर सवाल पूछा, तो मस्क ने कहा, “अमेरिका को भारत से आई प्रतिभा से बहुत फायदा मिला है।” कामथ ने यह भी कहा कि हाल के वर्षों में यह ट्रेंड थोड़ा बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। इस पर मस्क ने दोहराया, “अमेरिका भारतीय टैलेंट का बड़ा लाभार्थी रहा है।”

इमिग्रेशन पर बदलते रुख पर चर्चा

बातचीत के दौरान अमेरिका में बदलते इमिग्रेशन नैरेटिव पर भी सवाल उठे। कामथ ने पूछा कि इमिग्रेशन को लेकर अमेरिका में नकारात्मकता क्यों बढ़ रही है। इस पर मस्क ने कहा कि इस मुद्दे पर लोगों की राय बँटी हुई है।

उन्होंने बाइडन प्रशासन की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा, “सीमा नियंत्रण लगभग खत्म हो गया है और इससे बड़ी संख्या में अनधिकृत प्रवासी देश में आ रहे हैं।” मस्क के अनुसार यह स्थिति सरकारी लाभ और आर्थिक अवसरों की वजह से बनी है।”

H-1B वीजा और सिस्टम के दुरुपयोग पर टिप्पणी

मस्क ने H-1B वीजा प्रोग्राम पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि कुछ अमेरिकी कड़े इमिग्रेशन नियम इसलिए चाहते हैं क्योंकि यह धारणा बनी है कि H-1B वीजा का दुरुपयोग हो रहा है। मस्क के अनुसार, “कुछ आउटसोर्सिंग कंपनियों ने इस सिस्टम का गलत फायदा उठाया है और इसे रोकने की जरूरत है। लेकिन मैं बिल्कुल भी इस राय में नहीं हूँ कि H-1B को बंद कर देना चाहिए।”

पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका में यह धारणा गलत है कि विदेशी लोग अमेरिकी नागरिकों की नौकरियाँ छीन रहे  हैं। मस्क ने कहा, “टैलेंटेड लोगों की हमेशा कमी रहती है। हमारे अनुभव में मुश्किल प्रोजेक्ट्स के लिए पर्याप्त योग्य लोग मिलना मुश्किल होता है, इसलिए और प्रतिभाशाली लोग होना बेहतर है।”

मस्क ने भारतीयों को संदेश देते हुए कहा, “मुझे वो हर इंसान पसंद है, जो कुछ करना चाहता है। जो अपने खर्चों से पढ़कर आगे बढ़ता है, मैं उसकी इज्जत करता हूँ। तो इसी बात को टारगेट बनाओ। अपने खर्चों से बढ़कर कमाई करो। समाज को अपना योगदान दो।”