कानपुर के भूतेश्वर महादेव मंदिर में जूते पहनकर घुसे मुस्लिम दरोगा के 2 बेटे, गर्भगृह में किया पेशाब: पुलिस ने बताया फोटोग्राफी का विवाद

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर क्षेत्र में सोमवार (1 दिसंबर 2025) को प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर में एक शर्मनाक घटना ने आस्था को झकझोर दिया। दो युवकों ने बिना जूते उतारे मंदिर में प्रवेश किया और गर्भगृह को अपवित्र करने के लिए पेशाब कर दिया। जब मंदिर के पुजारी और ट्रस्टी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो युवकों ने हाथापाई की और गालियाँ बकीं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना रेउना थाना क्षेत्र के बिछीपुर स्थित शिवहरि धाम के भूतेश्वर महादेव मंदिर की है। दोपहर को बाइक सवार ये युवक मंदिर परिसर में पहुँचे। आरोपितों ने जूते पहनकर सीधे गर्भगृह में घुस गए और वहाँ पेशाब कर दिया। इसके बाद वे मंदिर के गुंबद पर चढ़कर फोटो खींचने लगे। मौजूद श्रद्धालु हैरान थे, लेकिन पुजारी शिवकुमार द्विवेदी ने हिम्मत दिखाई और विरोध किया।

पुजारी शिवकुमार द्विवेदी ने मीडिया को अपनी आपबीती सुनाते हुए फूट-फूटकर रोते हुए कहा, “दोनों युवकों ने ऐसी हरकतें कीं जिनका वर्णन नहीं किया जा सकता। विरोध करने पर उन्होंने मुझे सैकड़ों गालियाँ दीं। उन्होंने मंदिर से ही अपने दरोगा अब्बू को फोन किया। जब उनके अब्बू वहाँ पहुँचे, तो उनके सामने भी वे मुझे गालियाँ देते रहे और उसके अब्बू ने उन्हें रोका नहीं।”

पुजारी ने आगे आरोप लगाया कि दरोगा अब्बू के पद का फायदा उठाकर मामले को दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा, “हमारी बहुत बेइज्जती हुई है। दरोगा जी भी यहीं हैं, अब हम किससे न्याय की गुहार लगाएँ?”

घटना की जानकारी मिलते ही घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव खुद मौके पर पहुँचे। पुजारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी ने आश्वासन देते हुए कहा, “जाँच निष्पक्ष होगी। चाहे आरोपित किसी पुलिसकर्मी के बेटे हों या कोई और कानून सबके लिए बराबर है। तथ्यों के आधार पर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

हालाँकि कानपुर पुलिस ने इसे फोटोग्राफी का विवाद बताता हुए माना है कि 2 युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

इस घटना से स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। बजरंग दल और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की। उन्होंने प्रशासन को माँग पत्र भी सौंपा है।