‘भारत-अमेरिका COMPACT पर एक साथ कर रहा काम’: PM मोदी- ट्रंप ने की फोन पर बातचीत, ऊर्जा-रक्षा-सुरक्षा पर साझा हुए विचार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा व्यापार, टेक्नोलॉजी, ऊर्जा, रक्षा और सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

साझा चुनौतियों से निपटने और साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर भी दोनों नेता सहमत हुए। साथ ही द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने के साझा प्रयासों में गति बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। इस दौरान नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की।

एक्स पर ट्वीट करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई। हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की। भारत और अमेरिका वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”

रूस के राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे के बाद पहली बार पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बात हुई है।