CM चाहते थे कि दुनिया सफल मुस्लिम बेटी का चेहरा देखे: नीतीश कुमार के महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने पर JDU की प्रतिक्रिया, कहा- वह अभिभावक की तरह हैं

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपते समय एक महिला डॉक्टर का हिजाब हटाए जाने को लेकर जारी विवाद पर JDU ने प्रतिक्रिया दी है। JDU के वरिष्ठ नेता और बिहार के मंत्री जमा खान ने कहा कि नीतीश कुमार महिलाओं का सम्मान करते हैं और उन्होंने ऐसा गलत भावना से नहीं किया था।

जमा खान ने कहा कि मुख्यमंत्री चाहते थे कि दुनिया एक सफल मुस्लिम बेटी का चेहरा देखे। साथ ही, खाने ने विपक्ष और मुस्लिम समुदाय के कुछ नेताओं पर राजनीतिक लाभ के लिए कुमार को बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “यह दुख की बात है कि आज के नेताओं का स्तर इतना गिर गया है कि उन्हें समझ नहीं आता कि वे क्या कह रहे हैं। जिस नेता (नीतीश कुमार) के बारे में वे बात कर रहे हैं, उन्होंने बिहार में सभी जातियों, धर्मों और वर्गों के लोगों का सम्मान किया है।”

जमा खान ने कहा, “नीतीश कुमार किसी को यह महसूस नहीं कराते कि वह बिहार के मुख्यमंत्री हैं। वे उन्हें महसूस कराते हैं कि वह उनके अभिभावक हैं। कल की जो बात लोग कर रहे हैं, वह उनकी बेटी जैसी लड़की है और यह स्नेह का भाव है।” उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार बिहार में रहने वाले सभी जातियों और धर्मों के लोगों से प्यार करते हैं और अल्पसंख्यक समुदाय का बहुत सम्मान करते हैं। जब कोई ऐसे नेता पर उंगली उठाता है तो दुख होता है।”