जर्मन दंपत्ति राजस्थान में चला रहे धर्मांतरण का धंधा, पैसे का लालच देकर हिंदुओं को बना रहे थे ईसाई: बॉर्डर इलाके में घर में चल रहा अवैध चर्च, श्रीगंगानगर पुलिस ने 6 को पकड़ा

राजस्थान के बॉर्डर इलाकों में धर्मांतरण का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामला भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर कस्बे से सामने आया है। यहाँ एक किराए के मकान में गुपचुप तरीके से चल रही संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत पर जब पुलिस ने छापा मारा, तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से जर्मनी के एक दंपति समेत कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि ये लोग स्थानीय लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहे थे।

किराए के मकान में चल रहा था ‘छोटा चर्च’

जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई श्रीकरणपुर के वार्ड नंबर 22 स्थित लक्कड़ मंडी इलाके में हुई। स्थानीय लोगों को पिछले काफी समय से श्रीगुरुनानक दरबार के पास एक किराए के मकान में अनजान लोगों की आवाजाही पर शक हो रहा था।

ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि यहाँ धर्मांतरण जैसी गतिविधियाँ चल रही हैं। जब डीएसपी पुष्पेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ देर रात मौके पर पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि मकान के अंदर एक छोटा चर्च बना रखा था, जहाँ विदेशी नागरिकों के साथ कुछ अन्य लोग जमा थे।

जर्मन दंपति का ‘विदेशी कनेक्शन’ और नियमों की अनदेखी

पुलिस ने मौके से जर्मनी निवासी स्वैन बॉज बेट जेलर और उनकी पत्नी संदरा को हिरासत में लिया है। उनके साथ कर्नाटक का संतोष वर्गीस, केरल का मैथ्यू और स्थानीय निवासी राजेश कंबोज व बलजिंदर सिंह को भी पकड़ा गया है।

चूंकि यह इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास होने के कारण प्रतिबंधित श्रेणी में आता है, इसलिए विदेशी नागरिकों को यहाँ आने के लिए विशेष अनुमति लेनी होती है। जाँच में पता चला कि इन विदेशियों ने किसी भी तरह की पूर्व स्वीकृति नहीं ली थी और सारा काम छिपकर किया जा रहा था।

धार्मिक भावनाएँ भड़काने की कोशिश और तनाव

पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की गुपचुप गतिविधियों से धार्मिक तनाव फैलने का खतरा रहता है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पदाधिकारियों ने भी पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि ये लोग गरीब लोगों को प्रलोभन और लालच देकर उनका धर्मांतरण करवा रहे थे।

फिलहाल, पुलिस और खुफिया एजेंसियाँ इन सभी से पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता चल सके कि इस साजिश के तार और कहाँ-कहाँ से जुड़े हैं।