अंडरवर्ल्ड के कुख्यात डॉन रहे हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्जा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हसीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि नाबालिग उम्र में उनके साथ बलात्कार, जबरन निकाह, हत्या के प्रयास और संपत्ति हड़पने जैसे संगीन अपराध हुए, लेकिन वर्षों बाद भी उन्हें इंसाफ नहीं मिला।
हसीन मस्तान मिर्जा ने कहा, ‘मैंने अमित शाह और मोदी जी से अनुरोध किया है कि बहुत सी घटनाएँ हो रही हैं, बलात्कार, हत्या, हर रोज कोई न कोई घटना घट रही है। जैसे मेरे साथ हुआ, बलात्कार, हत्या का प्रयास, बाल विवाह, मेरी संपत्ति छीन ली गई और मेरी पहचान छुपाई गई। इसलिए मैंने कहा था कि अगर कानून सख्त होगा, तो लोग अपराध करने से डरेंगे।’
#WATCH | Mumbai | On appeal to PM Modi and Union HM Amit Shah, Haseen Mastaan Mirza, daughter of don Haji Mastan, says, "This is my story, not my father's. I request that whatever happened with me not be associated with him… Everyday children are being kidnapped, riots are… pic.twitter.com/KFfpj4gEJR
— ANI (@ANI) December 20, 2025
नाबालिग उम्र में जबरन निकाह और शोषण के आरोप
हसीन मस्तान मिर्जा का आरोप है कि वर्ष 1996 में, जब वह नाबालिग थीं, तब मामा के बेटे से उनका जबरन निकाह करा दिया गया। उन्होंने दावा किया कि उसी व्यक्ति ने उनके साथ बलात्कार किया और लंबे समय तक शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दी।
हसीन के अनुसार, आरोपित पहले ही कई बार निकाह कर चुका था। उन्होंने कहा कि उस दौर में वह बेहद छोटी थीं और उन्हें किसी भी तरह का सामाजिक या कानूनी समर्थन नहीं मिला। अत्याचारों से टूटकर उन्होंने तीन बार आत्महत्या करने की कोशिश भी की।
न्याय की माँग और सख्त कानूनों की अपील
हसीन ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो के जरिए अपनी पीड़ा सार्वजनिक की थी। उन्होंने कहा कि वह सालों से न्याय के लिए भटक रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लाए गए तीन तलाक कानून की सराहना की और इसे महिलाओं के हित में एक बड़ा कदम बताया। साथ ही, उन्होंने यौन अपराधों और जबरन निकाह जैसे मामलों में त्वरित और सख्त न्याय व्यवस्था की अपील की।
अब्बू का नाम न घसीटने की अपील
हसीन ने मीडिया और समाज से अपील की कि उनके निजी संघर्ष में उनके अब्बू हाजी मस्तान का नाम बार-बार न जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यह उनके अब्बू की कहानी नहीं, बल्कि उनका व्यक्तिगत दर्द है। अब्बू की मृत्यु के दो साल बाद इसकी शुरुआत हुई।
हसीन ने बताया कि निकाह के बाद उन्हें परिवार से अलग-थलग कर दिया गया और काफी समय तक उन्हें यह भी नहीं पता था कि उनके अब्बू का इंतकाल हो चुका है। इस अकेलेपन के बीच भी वह अपने अब्बू द्वारा दिए गए मूल्यों के सहारे खुद को सँभाले रखने की कोशिश करती रहीं।
हाजी मस्तान मिर्जा का जन्म तमिलनाडु में हुआ था। वह मुंबई अंडरवर्ल्ड का एक चर्चित नाम रहा और रियल एस्टेट व समुद्री तस्करी से जुड़े कारोबार में सक्रिय था। उसके संबंध दाऊद इब्राहिम समेत कई अंडरवर्ल्ड हस्तियों से बताए जाते हैं। 25 जून 1994 को दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हुई थी।

