सेंट एंजेलास स्कूल ने कलावा-तिलक पर लगाई रोक, सर्दी में उतरवाए बच्चों के कपड़े: प्रिंसिपल समरीन खान की मनमानी से भड़के अभिभावक, MP के सीहोर का मामला

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के जताखेड़ा में स्थित सेंट एंजेलास स्कूल में छोटे बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि मासूम छात्रों को अर्धनग्न कर प्रताड़ित किया गया। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद अभिभावकों और हिंदू संगठनों ने स्कूल पर विरोध प्रदर्शन किया है। जिला शिक्षा अधिकारी संजय तोमर ने जाँच में शिकायत सही पाई और स्कूल प्रबंधन पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कूल की प्रिंसिपल समरीन खान पर छात्रों की धार्मिक भावनाएँ आहत करने का आरोप है, खासकर जब बच्चे हाथों में कलावा और माथे पर तिलक लगाकर आते हैं तो वह गुस्सा हो जाती हैं। बच्चों का कहना है कि उन्हें हाथों में कलावा और माथे पर तिलक लगाने से रोका जाता था। अभिभावकों ने स्कूल की मान्यता रद्द करने की माँग की है। बच्चों ने बताया कि प्रिंसिपल समरीन खान और शिक्षक शिबू खान द्वारा उन्हें यातना दी जाती है।

कुछ दिन पहले उनके कपड़े उतारकर घुमाया गया और मुर्गा बनाकर सजा दी गई। बताया गया कि स्कूल का होमवर्क ना करने पर छात्रों को सजा दी गई थी। जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर ने कहा कि मौके पर जाँच में बच्चों के बयान और साक्ष्यों से शिकायत की पुष्टि हुई। सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि बच्चों और पालकों की शिकायत पर जाँच के बाद आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।