स्विट्जरलैंड के मशहूर स्की-रिसॉर्ट शहर क्रैंस-मोंटाना (Crans-Montana) से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गुरुवार (1 जनवरी 2026) की तड़के जब लोग नए साल के जश्न में डूबे थे, तभी यहाँ के एक लोकप्रिय बार में जोरदार धमाका हुआ। पुलिस ने पुष्टि की है कि इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई है और बड़ी संख्या में लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
भीषण धमाके के बाद उठी आग की लपटें
हादसा रात करीब 1:30 बजे (स्थानीय समय) उस समय हुआ जब ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ (Le Constellation) बार सैलानियों से भरा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि बार की इमारत आग की लपटों में घिर गई।
#BREAKING: Explosion and fire reported at Le Constellation Bar in Swiss Ski-Resort town of Crans-Montana, Switzerland during New Year's Eve. Several people reportedly killed and critically injured. More details awaited. pic.twitter.com/QDzRrhVUJM
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) January 1, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में इमारत से निकलता धुआँ और चारों तरफ तैनात फायर ब्रिगेड व एम्बुलेंस की गाड़ियाँ देखी जा सकती हैं। पुलिस प्रवक्ता गेतान लाथियोन ने बताया कि धमाका किस वजह से हुआ, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
जाँच और राहत कार्य जारी
स्विस अधिकारियों के अनुसार, यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का रिसॉर्ट है जहाँ दुनिया भर से पर्यटक छुट्टियाँ मनाने आते हैं। फिलहाल मृतकों की सटीक संख्या का पता लगाया जा रहा है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर और हेल्प डेस्क भी बनाया गया है। पुलिस ने सुबह 10 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें घटना के कारणों और हताहतों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

