ड्रग तस्करी करता था सैयद असगर, बीवी ने मार-मारकर आँख सुजाई: थाने जाकर बोला- मेरी जान बचाओ; बेंगलुरु पुलिस ने पकड़ कर जेल भेजा

बेंगलुरु में मंगलवार को एक आपराधिक रिकॉर्ड वाला सैयद असगर नाम का व्यक्ति अपनी पत्नी से बचाने की गुहार लगाते हुए पहुँचा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस भी इससे हैरान नजर आई कि जिसे वह ढूँढ रही थी, वह खुद पुलिस स्टेशन पहुँच गया। उस पर ड्रग तस्करी समेत कई मामले दर्ज हैं।

असगर के खिलाफ वारंट एक्टिव था इसलिए पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

असगर ने आरोप लगाया कि घरेलू झगड़े के दौरान उसकी पत्नी ने उस पर हमला कर दिया। इससे उसकी बाईं आँख में चोट लग गई। इस घटना के संबंध में जेजे नगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। हालाँकि पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है क्योंकि उसका छोटा-सा बच्चा है।

बेंगलुरु पुलिस का मानना है कि यह मामला एक आम घरेलू झगड़े से कहीं ज़्यादा है। एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि असगर की कथित तौर पर दूसरी पत्नी भी है। फिलहाल जाँच चल रही है कि असगर ने अपनी पत्नी को फँसाने की कोशिश है या सच में उसकी पत्नी ने मारा है। अधिकारी का कहना है कि हो सकता है उसकी दूसरी पत्नी ड्रग तस्करी में उसकी मदद करती हो, फिलहाल इसकी जाँच की जा रही है।

आगे की जाँच में पता चला है कि असगर के खिलाफ पहले से ही हत्या की कोशिश (IPC की धारा 307) का मामला दर्ज है। वह पहले ओडिशा भाग गया था, जहाँ उसके खिलाफ एक और केस दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि करीब तीन महीने पहले रिहा होने के बाद वह बेंगलुरु लौट आया और अपनी दूसरी पत्नी के साथ रहने लगा। इसको लेकर उसकी पहली पत्नी से उसका तनाव शुरू हो गया।