थाईलैंड में एक भीषण रेल हादसा हो गया है। राजधानी बैंकॉक से देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से की ओर जा रही एक यात्री ट्रेन के ऊपर अचानक निर्माण कार्य में लगी एक क्रेन आ गिरी। इस हादसे में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई जबकि 30 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा बुधवार (14 जनवरी 2026) की सुबह नाखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो में हुआ जो बैंकॉक से लगभग 230 किलोमीटर दूर है। ट्रेन उबोन रतचथानी प्रांत के लिए रवाना हुई थी। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने समाचार एजेंसी AFP को बताया कि हादसा बेहद गंभीर था और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के वक्त रेलवे ट्रैक के पास हाई-स्पीड रेल परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक भारी क्रेन संतुलन खो बैठी और सीधे गुजरती ट्रेन के एक डिब्बे पर गिर गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन पटरी से उतर गई और कुछ डिब्बों में आग भी लग गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जाँच की जा रही है और प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।

