पश्चिम बंगाल में चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (17 जनवरी 2026) को मालदा की धरती से ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कॉन्ग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल के सामने आज सबसे बड़ी चुनौती घुसपैठ की है और राज्य के कई इलाकों में आबादी का संतुलन बिगड़ता जा रहा है। PM मोदी ने आरोप लगाया कि TMC घुसपैठियों को संरक्षण देकर उन्हें वोटर बना रही है, जिससे गरीबों का हक छीना जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा सरकार बनते ही घुसपैठ और घुसपैठियों पर बड़ा और निर्णायक एक्शन होगा।
PM ने जनता से सीधे सवाल करते हुए कहा कि क्या TMC कभी घुसपैठियों को निकालेगी? उन्होंने कहा कि TMC के रहते यह संभव नहीं है क्योंकि उसका सिंडिकेट सालों से घुसपैठियों को बसाने और राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करता रहा है। PM मोदी ने आरोप लगाया कि घुसपैठिए गरीबों के हक और नौजवानों की नौकरियाँ छीन रहे हैं, बहन-बेटियों पर अत्याचार बढ़ा रहे हैं और आतंक व अन्य अपराधों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मालदा, मुर्शिदाबाद सहित कई इलाकों में हाल के वर्षों में दंगे बढ़े हैं और कई जगहों पर भाषा और बोलचाल तक बदलने लगी है।
CAA का जिक्र करते हुए PM मोदी ने कहा कि जो शरणार्थी पड़ोसी देशों में धर्म के आधार पर होने वाली हिंसा से बचकर भारत आए हैं, उन्हें संविधान के तहत सुरक्षा दी गई है और उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। PM मोदी ने ममता सरकार पर गरीब विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को जानबूझकर रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं होने दी गई जिससे गरीबों को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज से वंचित रखा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से गरीबों के लिए भेजा गया पैसा TMC के लोग लूट लेते हैं और अपनी तिजोरियाँ भरते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बंगाल के लोगों की तकलीफ से कोई मतलब नहीं है और इसलिए ऐसी पत्थर दिल सरकार की विदाई जरूरी है। मालदा में PM मोदी ने भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जो हावड़ा से गुवाहाटी के बीच चलेगी। उन्होंने ट्रेन के ड्राइवर से मुलाकात की और ट्रेन में मौजूद बच्चों से भी बातचीत की।
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र नगर निगम और बीएमसी चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है, जो दिखाती है कि देश की Gen-Z को BJP का विकास मॉडल पसंद आ रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल के चारों ओर भाजपा की सुशासन वाली सरकारें हैं और अब बंगाल में भी बदलाव का समय आ गया है। पीएम मोदी ने जनता से अपील की कि वे भाजपा को मौका दें ताकि पश्चिम बंगाल और मालदा का पुराना गौरव फिर से लौटाया जा सके।

