भारतीय संस्कृति से प्रभावित हुआ स्पेन का जोड़ा, पुष्कर में सनातन रीति से रचाया विवाह

राजस्थान की धार्मिक नगरी पुष्कर में शनिवार (17 जनवरी 2026) को भारतीय संस्कृति और प्रेम का अनोखा संगम देखने को मिला। स्पेन से आए एक विदेशी जोड़े ने सात साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर अपने रिश्ते को वैवाहिक रूप दिया। ब्रह्म सरोवर के पावन तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस विवाह ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया।

स्पेन के रहने वाले क्लारा और राउल लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रह रहे थे। भारत भ्रमण के दौरान जब वे पुष्कर पहुँचे तो यहाँ की आध्यात्मिकता और सनातन परंपराओं से वे गहराई से प्रभावित हुए। इसी प्रभाव में आकर दोनों ने निर्णय लिया कि वे अपने जीवन की नई शुरुआत हिंदू विवाह संस्कार के साथ करेंगे।

तय कार्यक्रम के अनुसार ब्रह्म सरोवर के किनारे विवाह मंडप सजाया गया, जहाँ दूल्हा-दुल्हन ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लिए, जयमाला हुई और सिंदूर लगाने की रस्म निभाई गई। विवाह की विशेष बात यह रही कि इस मौके पर दोनों के परिवारजन मौजूद नहीं थे। ऐसे में स्थानीय पंडितों और नागरिकों ने भारतीय परंपरा निभाते हुए सभी रस्में पूरी कराईं।

विवाह के बाद नवविवाहित जोड़े ने सरोवर की पूजा-अर्चना की और बेलपत्रेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। दंपती ने इसे अपने जीवन का सबसे अविस्मरणीय अनुभव बताया और कहा कि भारतीय संस्कृति ने उन्हें भीतर तक छू लिया है।