मदरसे के पास स्कूटी खड़ी करने पर हिंदू छात्रों से मारपीट, युवती के बाल उखाड़े: ‘काफिर’ बोल माँगे पैसे, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद भोपाल में शिकायत दर्ज

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कल्पना नगर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक हिंदू युवती और उसके साथियों के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, विवाद एक मदरसे के पास स्कूटी खड़ी करने और अवैध रूप से रुपए की माँग को लेकर शुरू हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल दावों के मुताबिक, जब युवती के दोस्त ने वहाँ वाहन खड़ा करना चाहा, तो स्थानीय कुछ लोगों ने उसे ‘काफिर’ कहते हुए डराने की कोशिश की और कथित तौर पर 1000 रुपए की माँग की। छात्र ने पैसे देने से मना किया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और उन पर हमला कर दिया गया।

घटना के विस्तृत विवरण के अनुसार, पीड़ित युवती उस क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही है। आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावरों ने युवती के साथ अभद्रता की और उसके बाल तक उखाड़ दिए, वहीं उसके भाई के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

सोशल मीडिया में यह भी दावा किया गया है कि स्थानीय लोगों ने केवल मुस्लिमों को वहाँ वाहन खड़ा करने की अनुमति देने की बात कही। घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को मामले में दखल देनी पड़ी।