बेंगलुरु (कर्नाटक) में रोड रेज की एक गंभीर घटना के मामले में कडुगोडी पुलिस ने 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी रविवार (18 जनवरी 2026) को की गई। आरोपित की पहचान इसी इलाके के सैयद अरबाज खान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ पहले से ही 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें बाइक चोरी से जुड़े मामले भी शामिल हैं।
यह कार्रवाई उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के एक दिन बाद की गई जिसमें आरोपित खंजर निकालकर कार में सवार एक परिवार को धमकाते हुए दिखा था। यह घटना शुक्रवार (16 जनवरी 2026) को नेक्सस शांति निकेतन मॉल के पास हुई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रोड रेज की यह घटना उस समय हुई जब आरोपित ने स्कूटर पर सवार होकर पीड़ित की कार को बहुत करीब से ओवरटेक किया। इसके बाद दोनों वाहन एक ट्रैफिक जंक्शन के पास रुके। वहीं, स्कूटर सवार आरोपित कार के पास आया और ड्राइवर के साथ गाली-गलौज की, फिर चाकू निकालकर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
The guy who threatened a car-borne family with a knife following a road-rage incident has been arrested by Kadugodi police in #Bengaluru. The accused is 25-yr-old Syed Arbaaz Khan, he has four cases including bike theft against him.@timesofindia https://t.co/lcONEZSFVj pic.twitter.com/FWp85kjQiK
— TOI Bengaluru (@TOIBengaluru) January 18, 2026
पूरी घटना कार में लगे डैश कैम में रिकॉर्ड हो गई। पीड़ित ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया और बेंगलुरु सिटी पुलिस को टैग किया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। शनिवार 17 जनवरी को कडुगोडी पुलिस ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अवैध हथियार रखने के मामले में आर्म्स ऐक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा आपराधिक धमकी, जान से मारने की धमकी और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने जैसी धाराएँ भी लगाई गई हैं। मामले की आगे की जाँच जारी है।

