अब नितिन नवीन जी मेरे बॉस, मैं कार्यकर्ता: BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का PM मोदी ने किया स्वागत, कहा- 1 लाख युवाओं को राजनीति में लाना चाहता हूँ

नितिन नवीन निर्विरोध भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। मंगलवार (20 जनवरी) को BJP मुख्यालय में इसकी औपचारिक घोषणा की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया है। इससे पहले नवीन दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवाला मंदिर गए और माथा टेका था।

BJP कार्यालय में संबोधन के दौरान PM मोदी ने नितिन नवीन को अपना बॉस बताया है। PM मोदी ने कहा, “जब बात पार्टी के विषयों पर आती है, तब माननीय नितिन नवीन जी, मैं एक कार्यकर्ता हूँ और वे मेरे बॉस हैं।”

PM मोदी ने नितिन नवीन की विनम्रता की तारीफ करते हुए कहा, “नितिन जी, हम सभी के अध्यक्ष हैं। उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना नहीं है, NDA के साथ भी तालमेल का दायित्व देखना होता है। नितिन जी के संपर्क में जो भी आया है वो उनकी सरलता सहजता की चर्चा जरूर करता है। बीजेपी युवा मोर्चा का दायित्व हो, राज्य प्रभारी की जिम्मेदारी हो, नितिन जी ने जो-जो दायित्व उठाया उसे पूरा किया।”

PM मोदी ने अपने संबोधन के दौरान परिवार पर भी तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “साथियों देश के लिए परिवारवाद बहुत बड़ा अभिशाप है। जब मैं यह कहता हूँ तो अर्बन नक्सल मैदान में आ जाते हैं। वे कहते हैं फलाने का बेटा बेटी, हम किसी की प्रतिभा के विरोधी नहीं है। कॉन्ग्रेस में एक के बाद एक उनके परिवार के अध्यक्ष ही बनते हैं। पार्टी के कार्यकर्ता को उनके विचार से कोई लेना देना नहीं है। परिवारवाद की राजनीति ने देश के युवाओं के लिए राजनीति में आने के रास्ते बंद कर दिए हैं। इसलिए मैं एक लाख ऐसे युवाओं को राजनीति में लाना चाहता हूँ जिनके परिवार से वे पहली बार राजनीति में आएँगे।”

इस दौरान PM मोदी ने घुसपैठियों और अर्बन नक्सल को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की है। PM ने कहा, “दुनिया में कोई अपने देश में घुसपैठियों को स्वीकार नहीं करता। भारत भी घुसपैठियों को देश को लूटने नहीं दे सकता। वे देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। जो राजनीतिक दल उन्हें बचा रहे हैं, उन्हें जनता के सामने एक्सपोज करना होगा। एक और बड़ी चुनौती अर्बन नक्सल की भी है। अर्बन नक्सल का दायरा इंटरनेशनल हो रहा है।”