जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के पाकिस्तानी आतंकी उस्मान को मार गिराया है। शुक्रवार (23 जनवरी 2026) को बिल्लावर के जंगलों में हुई इस मुठभेड़ में सेना और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन ने 2024 में चार पुलिस जवानों का बलिदान करने वाले इस आतंकी का अंत कर दिया।
आतंकी उस्मान पिछले 9 महीनों से फरार चल रहा था और गणतंत्र दिवस से पहले किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल, धनु परोल और परहेतर के वन क्षेत्रों में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है क्योंकि वहाँ अब भी 2-3 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है।
जानकारी के मुताबिक, मारे गए आतंकी उस्मान को फरवरी 2024 में जैश-ए-मोहम्मद ने 10 आतंकियों के एक समूह के साथ घुसपैठ कराई थी। यह एनकाउंटर साल 2026 की पहली बड़ी सैन्य कार्रवाई मानी जा रही है।
पिछले 10 दिनों में बॉर्डर पर पाँच बार पाकिस्तानी ड्रोन मंडराते देखे गए थे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियाँ हाई अलर्ट पर थीं। सुरक्षाबलों ने एंटी-ड्रोन सिस्टम को एक्टिवेट कर दिया है ताकि आतंकियों को हथियारों की सप्लाई रोकी जा सके। इलाके की घेराबंदी सख्त कर दी गई है और चप्पे-चप्पे पर सेना और पुलिस की पैनी नजर है।

