बच्ची को लव जिहाद से बचा लो: जालौन में सपा नेता रिजवान मंसूरी ने उस्मान संग हिंदू छात्रा को किया अगवा, दबाव बनाकर जारी करवा रहा वीडियो

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कोंच इलाके में एक ग्रेजुएशन की छात्रा के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिवार ने इसे ‘लव जिहाद’ की सुनियोजित साजिश करार देते हुए रिजवान मंसूरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा 19 जनवरी 2026 से लापता है और परिजनों का कहना है कि उसे बहला-फुसलाकर अगवा किया गया है। रिजवान मंसूरी उर्फ छोटू टाइगर समाजवादी पार्टी का नेता है और उससे जुड़े मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड का जिलाध्यक्ष बताया जा रहा है। परिवार का दावा है कि रिजवान ने अपने साथी उस्मान कुरैशी के साथ मिलकर छात्रा को किसी अज्ञात स्थान पर ले गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोंच में परिजनों के साथ हिंदू संगठनों और सर्व हिंदू समाज ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया और पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि छात्रा की सकुशल बरामदगी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

छात्रा का परिजन का कहना है कि यह कोई सामान्य मामला नहीं बल्कि पूर्व नियोजित जाल है। आरोप है कि छात्रा पर दबाव बनाकर बयान और वीडियो बनवाए जा रहे हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है और परिवार की सामाजिक छवि को नुकसान पहुँच रहा है। परिजन ने भावुक अपील करते हुए कहा, “हम हाथ जोड़कर विनती करते हैं कि हमारी बच्ची को 24 घंटे के भीतर सामने लाया जाए। हमें और कुछ नहीं चाहिए, बस हमारी बेटी सुरक्षित लौट आए। उसे इस लव जिहाद के जाल से बचा लिया जाए।”

हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। वहीं, कोंच की SDM ज्योति सिंह और सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि मामले की गंभीरता से जाँच की जा रही है। छात्रा की तलाश जारी है और सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की भी जांच हो रही है। प्रशासन का दावा है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी लेकिन फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है।

जालौन पुलिस ने बताया है कि आरोपित रिजवान मंसूरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अपहृता को बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने कहा, “अपहृता का चिकित्सीय परीक्षण कराकर बयान हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।”