विक्रम भट्ट के खिलाफ नई FIR, इस बार मुंबई पुलिस ने ₹13 करोड़+ की ठगी मामले में केस किया दर्ज: जानें- आलिया भट्ट के मामा ने किया क्या कारनामा

मुंबई पुलिस ने फिल्म निर्माता विक्रम भट्ट और उनकी बेटी कृष्णा भट्ट के खिलाफ धोखाधड़ी का एक नया मामला दर्ज किया है। यह मामला पुणे के एक व्यवसायी की शिकायत पर दर्ज हुआ है, जिसने आरोप लगाया है कि फिल्म प्रोजेक्ट्स में निवेश के नाम पर उससे करीब 13.5 करोड़ की ठगी की गई। विक्रम भट्ट, बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट के मामा हैं। मामले की जाँच अब आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंप दी गई है।

फिल्म निवेश के नाम पर मोटे मुनाफे का वादा

शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2021 में उसे आने वाली फिल्म परियोजनाओं और उससे जुड़े अन्य वेंचर्स में निवेश के लिए राजी किया गया था। उसे जल्दी और भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया गया। व्यवसायी का कहना है कि उसने चरणबद्ध तरीके से कुल ₹13.5 करोड़ का निवेश किया, लेकिन समय बीतने के बावजूद न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी मूल रकम वापस की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब उसने बार-बार पैसे वापस माँगे तो उसे प्रोडक्शन में देरी और वित्तीय दिक्कतों जैसे बहाने देकर वर्षों तक इंतजार कराया गया।

धारा 420 के तहत FIR, EOW कर रही जाँच

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्सोवा पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत FIR दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां अब बैंक लेन-देन, दस्तावेजों और पैसों के फ्लो की जाँच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि रकम कहाँ गई और क्या इसी तरह अन्य निवेशकों को भी ठगा गया है।

गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में राजस्थान पुलिस ने विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट को एक अलग ₹30 करोड़ की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था। उस मामले में दोनों को मुंबई से हिरासत में लेकर उदयपुर ले जाया गया था, जहाँ कोर्ट में पेशी हुई। उस समय भी पुलिस ने वित्तीय रिकॉर्ड खंगालने और अन्य संदिग्धों को नोटिस भेजने की बात कही थी।

मुंबई में दर्ज इस नए मामले के बाद जाँच एजेंसियाँ अब यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या एक जैसी स्कीम के जरिए कई निवेशकों से पैसे लिए गए। पुलिस का कहना है कि जाँच जारी है और आने वाले दिनों में मामले में और खुलासे हो सकते हैं।