भारत ने बलूचिस्तान में हुए हालिया हमलों को लेकर पाकिस्तान द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। रविवार (1 फरवरी 2026) को विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के दावों को ‘बेबुनियाद’ बताते हुए कहा कि इस तरह के आरोप लगाना उसकी पुरानी रणनीति है, जिससे वह अपनी आंतरिक विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश करता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बयान जारी कर कहा, “हम पाकिस्तान द्वारा लगाए गए निराधार आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हैं। ये उसके अपने आंतरिक हालात और असफलताओं से ध्यान हटाने के लिए अपनाए जाने वाले सामान्य हथकंडे हैं।”
Our response to media queries regarding comments made by Pakistan ⬇️
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) February 1, 2026
🔗 https://t.co/4iSUMa8S0y pic.twitter.com/j7UrMfcb40
विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि पाकिस्तान को हर हिंसक घटना के बाद फिजूल के दावे दोहराने के बजाय बलूचिस्तान के लोगों की लंबे समय से चली आ रही माँगों और समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। मंत्रालय ने पाकिस्तान पर बलूचिस्तान में दमन, अत्याचार और मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि इस क्षेत्र में उसका रिकॉर्ड पूरी दुनिया के सामने है।
भारत की यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के उस आरोप के बाद आई है, जिसमें उन्होंने हालिया हमलों के पीछे भारत की भूमिका होने का दावा किया था।

