रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ ने थिएटर में शानदार कमाई के साथ खूब तारीफें बटोरी थीं, लेकिन अब नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही यह विवादों में आ गई है। 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई इस एक्शन ड्रामा ने भारत के साथ-साथ विदेशों में भी अच्छा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था। हालाँकि, 30 जनवरी 2026 को ओटीटी पर स्ट्रीम होते ही दर्शकों ने इसकी क्वालिटी को लेकर नाराजगी जाहिर की है।
फैंस का कहना है कि नेटफ्लिक्स पर फिल्म का वर्जन थिएटर प्रिंट से करीब 9 मिनट छोटा है। जहाँ थिएटर में इसका रनटाइम 3 घंटे 34 मिनट था, वहीं ओटीटी पर यह 3 घंटे 25 मिनट का दिख रहा है। इसके अलावा दर्शकों ने फिल्म के रंगों को फीका और फ्लैट बताया है।
कई यूजर्स ने शिकायत की कि इतनी बड़ी फिल्म को 2026 में भी 4K HDR या Dolby Vision में रिलीज नहीं किया गया, जिससे विजुअल्स कमजोर लग रहे हैं। डार्क सीन्स में कॉन्ट्रास्ट खराब होने की वजह से कुछ दृश्य साफ नजर नहीं आ रहे। कुछ लोगों ने इसे थिएटर रिकॉर्डिंग जैसे पायरेटेड प्रिंट जैसा अनुभव बताया।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक रनटाइम में कमी तकनीकी कारणों से भी हो सकती है, क्योंकि थिएटर में फिल्म 24fps पर चलती है, जबकि स्ट्रीमिंग में इसे 25fps में कन्वर्ट किया जाता है। वहीं कोर्ट के आदेश के बाद दो शब्द और बलोच से जुड़ा एक डायलॉग हटाया गया है।

