‘हिम्मत है तो घूसखोर मुस्लिम या दलित लिखो’: मनोज बाजपेई की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर भड़के नेटिजन्स, Netflix को दी चेतावनी

बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेई की नेटफ्लिक्स फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के नाम पर विवाद छिड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग इसे ‘सवर्ण समाज’ और ‘ब्राह्मण’ की छवि खराब करने का आरोप लगा रहे हैं। लोगों का कहना है कि नाम नहीं बदला गया, तो नेटफ्लिक्स को बॉयकॉट किया जाएगा। एक्स पर ‘शेमऑननेटफ्लिक्स’ हैशटैग ट्रेंड कर रहा है।

दरअसल, 03 फरवरी 2026 को नेटफ्लिक्स ने अपनी आगामी फिल्म ‘घूसखोर फिल्म’ का 51 सेकेंड के टीजर रिलीज किया। इस फिल्म में मनोज बाजपेई को एक पुलिस अफसर के किरदार में दिखाया गया है, जो ‘पंडत’ है और उन पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। फिल्म के टीजर रिलीज होते ही लोगों का विरोध शुरू हो गया।

वॉयस ऑफ ब्राह्मण नाम के सोशल मीडिया अकाउंट ने लिखा, मनोज बाजपेई, “नेटफ्लिक्स यह नाम ‘घूसखोर पंडत’ तुरंत बदला जाए। अन्यथा आपका खुलकर विरोध होगा।” उन्होंने फिल्म को बैन करने की भी माँग की।

वहीं सवर्ण आर्मी नाम के सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, “घूसखोर पंडित नाम तुरंत बदलें! ब्राह्मणों को घटिया रूढ़ियों के लिए निशाना बनाना सही नहीं है। यह जातिगत नफरत है। इसे अभी ठीक करें, वरना खुले बहिष्कार का सामना करना पढ़ेगा।”

सोशल मीडिया यूजर ‘दिव्या गंडोत्रा टंडन’ ने कहा, “घूसखोर पंडत-नेटफ्लिक्स ने तो सचमुच खुलकर कह दिया। एक हिंदू सरनेम और पुजारी की पहचान को भ्रष्टाचार के रूप में पेश करके आम जनता के लिए पेश किया गया। क्योंकि इस पहचान को रूढिबद्ध करना हमेशा सुरक्षित, कलात्मक औऱ साहसिक माना जाता है।”

उन्होंने आगे कहा, “यह कितनी अजीब बात है कि सुविधा के अनुसार भ्रष्टाचार अचानक धार्मिक व्यंग्यचित्र बन जाता है। यह भी उतना ही अजीब है कि अन्य पहचानों को कितनी नरमी और सावधानी से पेश किया जाता है।”

एक और एक्स यूजर गरवित सेठी लिखते हैं, “इस फिल्म का नाम बेहद आपत्तिजनक है। क्या नेटफ्लिक्स किसी फिल्म का नाम ‘घूसखोर दलित’ या ‘घूसखोर मुल्ला’ रख सकता है? इसे जल्द से जल्द बदलें!”

‘वॉयस ऑफ हिंदू’ नाम के एक्स यूजर ने लिखा, “नेटफ्लिक्स, आपने घूसखोर पंडित नाम दिया, क्या आपमें इतनी हिम्मत है कि आप घूसखोर मुस्लिम को अपनी किसी वेबसीरीज में दिखा सकें? इस शीर्षक को हटा दें, वरना नेटफ्लिक्स के व्यापक बहिष्कार के लिए तैयार रहें।”

बता दें कि नेटफ्लिक्स पर आने वाली ‘घूसखोर पंडत’ की कहानी एक भ्रष्ट पुलिस अफसर की है, जिसका नाम अजय दीक्षित (निकनेम-पंडत) है। अजय को जल्दी पैसा कमाने की योजना तब धराशायी हो जाती है जब वह एक ग्लोबल साजिश में उलझ जाता है। दिल्ली के बीचोबीच चलती कार से फेंकी गई गंभीर रूप से घायल युवती की पहचान उजागर करने की कोशिश में, घटनाएँ अजय के अनुमान से कहीं अधिक गंभीर रूप ले लेती हैं।

इस फिल्म को रितेश शाह ने निर्देशित किया है। वहीं फिल्म के लेखकर नीरज पांडे हैं। फिल्म में मनोज बाजपेई, नुसरत भरूचा, दिव्या दत्ता, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, श्रद्धा दास और किकी शारदा मुख्य भूमिकाओं में हैं। हालाँकि, फिल्म की रिलीज की तारीख की अभी घोषणा नहीं की गई है।