पूर्व आर्मी चीफ नरवणे की अप्रकाशित किताब के सर्कुलेशन को लेकर FIR, पुस्तक लेकर संसद पहुँचे थे राहुल गाँधी

दिल्ली पुलिस ने पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के लीक होने और सर्कुलेशन को लेकर सोमवार (9 फरवरी 2026) को FIR दर्ज की। आरोप है कि किताब के प्रकाशित होने से पहले ही उसकी कॉपी इंटरनेट पर आ गई जबकि इसके लिए जरूरी आधिकारिक मंजूरी अभी नहीं मिली थी।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और कुछ न्यूज पोर्टल पर जानकारी सामने आई थी कि किताब का प्री-प्रिंट संस्करण ऑनलाइन उपलब्ध है। इसी आधार पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जाँच शुरू की। जाँच के दौरान पुलिस को एक PDF फाइल मिली जिसमें उसी नाम की टाइपसेट किताब मौजूद थी। यह फाइल कथित तौर पर प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार की गई लगती है।

इसके अलावा, कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर किताब का तैयार कवर भी दिखाया जा रहा था जैसे कि यह किताब खरीद के लिए उपलब्ध हो। दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह मामला अप्रकाशित किताब के अनधिकृत प्रसार से जुड़ा है। इसलिए स्पेशल सेल में केस दर्ज किया गया है और यह पता लगाने के लिए विस्तृत जाँच की जा रही है कि किताब कैसे लीक हुई और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।

गौरतलब है कि संसद में नरवणे की इस पुस्तक के अंशों को कॉन्ग्रेस सांसद राहुल गाँधी द्वारा उद्धृत किए जाने को लेकर खूब हंगामा हुआ था। राहुल गाँधी इस पुस्तक की एक प्रति लेकर भी संसद पहुँचे थे।