उर्दू स्कूल में पाकिस्तानी गाने पर तलवार लहराकर नाचे बच्चे, मचा भारी बवाल: हेडमास्टर और शिक्षकों पर देशद्रोह की माँग, महाराष्ट्र के यवतमाल का मामला

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ उमरखेड़ के ‘अब्दुल गफूर शाह नगर परिषद उर्दू स्कूल नंबर 2’ में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर एक पाकिस्तानी गीत बजाया गया। खबर है कि इस गाने पर स्कूली बच्चों ने डांस भी किया। मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव है और उमरखेड़ पुलिस ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कर ली है।

बता दें कि सोशल मीडिया पर तलवार हाथ में उठाकर बच्चों के इस डांस का वीडियो वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, 26 जनवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान ‘ऐ मर्द-ए-मुजाहिद तेरी ललकार क्या है’ गाना बजाया गया था। यह गाना पाकिस्तान में फौज उत्साह बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

स्थानीय बीजेपी नेता गोपाल कालाने ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यह एक जिहादी गाना है जिसे पाकिस्तान ने 1965 की जंग में इस्तेमाल किया था। कालाने ने इसे देश विरोधी कृत्य बताते हुए स्कूल के प्रिंसिपल और शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और देशद्रोह का मामला चलाने की माँग की है। पुलिस फिलहाल वीडियो की जाँच कर रही है और स्कूल प्रशासन से पूछताछ की जा रही है।