‘हम दो, हमारे दो दर्जन’: AIMIM नेता शौकत अली ने मुसलमानों से की अधिक बच्चे करने की अपील, कहा- अल्लाह दे रहा है तो पैदा करते रहो

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 9 फरवरी 2026 को आयोजित एक जनसभा में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने बेहद विवादित बयान दिया है। शौकत अली ने AIMIM का नया नारा ‘हम दो, हमारे दो दर्जन’ पेश करते हुए मुसलमानों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करें।

शौकत अली ने तर्क दिया कि बड़ी जनसंख्या मुल्क की प्रगति और ताकत का आधार होती है। उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है और सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई है।

‘अल्लाह की देन हैं बच्चे, डरें नहीं’

शौकत अली ने मंच से कहा कि लोग मुस्लिम आबादी बढ़ने से डरते हैं, जबकि चीन का उदाहरण सामने है जिसकी ताकत उसकी आबादी ही है। शौकत अली ने कहा, “बच्चे अल्लाह की रहमत हैं, जब तक अल्लाह दे रहा है, बच्चे पैदा करते रहो।”

शौकत अली ने अपना और अपने परिवार का उदाहरण देते हुए बताया कि उनके खुद के 8 बच्चे हैं, जबकि उनके मरहूम बड़े भाई के 16 बच्चे थे। उन्होंने गर्व से कहा कि उनकी 97 साल की अम्मी के लगभग 72 पोते-पोतियाँ हैं।

हिंदू नेताओं और कुँवारेपन पर तंज

जनसंख्या नियंत्रण की बात करने वाले नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए शौकत अली ने कहा कि जो लोग हिंदू परिवारों को 4 बच्चे पैदा करने की सलाह देते हैं, वे खुद कुँवारे हैं। शौकत अली ने तंज कसते हुए कहा, “हम तो अपने हिंदू भाइयों से कहते हैं कि वे 14 बच्चे पैदा करें ताकि देश मजबूत हो, लेकिन सलाह देने वाले नेता पहले खुद शादी तो कर लें।” शौकत अली ने जनसंख्या को समस्या मानने से साफ इनकार कर दिया।

दंगे, मॉब लिंचिंग और सुरक्षा पर उठाए सवाल

भाषण के दौरान शौकत अली ने आजादी के बाद हुए दंगों का जिक्र करते हुए दावा किया कि करीब 50,000 दंगों में से 90 प्रतिशत में मुस्लिम शिकार हुए हैं। उन्होंने मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर चिंता जताई और कहा कि आज मुसलमान ट्रेन या बस में सफर करते हुए भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शौकत अली ने आरोप लगाया कि मुस्लिम लड़कियों का सार्वजनिक रूप से उत्पीड़न किया जा रहा है और उनके हिजाब के साथ छेड़छाड़ हो रही है।

मदरसों और समाजवादी पार्टी पर निशाना

शौकत अली ने मुरादाबाद में बंद हुए मदरसों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन्हें आतंकवाद का केंद्र बताकर बदनाम किया जा रहा है। साथ ही शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने कांठ के विधायक कमाल अख्तर का नाम लेते हुए उन पर शराब के कारोबार में लिप्त होने का आरोप लगाया। शौकत अली ने कहा कि जो लोग हमें बीजेपी की ‘बी-टीम’ कहते हैं, उनके अपने नेता शराब माफियाओं से जुड़े हुए हैं।