बांग्लादेश में चुनाव से पहले हिंदू कारोबारी की गला रेतकर हत्या, कट्टरपंथियों ने दुकान से लाखों लूटे

बांग्लादेश में संसदीय चुनाव से ठीक दो दिन पहले अल्पसंख्यकों पर हमले तेज हो गए हैं। मयमनसिंह जिले में 9 फरवरी की रात 62 वर्षीय हिंदू चावल व्यापारी सुशेन चंद्र सरकार की कट्टरपंथियों ने बेरहमी से हत्या कर दी गई।

हमलावरों ने ‘भाई भाई एंटरप्राइज’ नाम की उनकी दुकान में घुसकर हिंदू व्यापारी पर धारधार हथियार से हमला किया और शटर गिराकर फरार हो गए। इस घटना ने चुनाव से पहले देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक के बेटे सुजन सरकार ने बताया कि उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हत्यारों ने कत्ल के बाद दुकान से लाखों टका भी लूट लिए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अगस्त 2024 में सत्ता परिवर्तन के बाद से बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का पैटर्न बढ़ा है।

भारत ने भी इस घटना पर कड़ी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अल्पसंख्यकों के घरों और बिजनेस पर कट्टरपंथियों के हमले परेशान करने वाले हैं। अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं ने भी चुनाव से पहले हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर चेतावनी दी है।