बांग्लादेश चुनाव से पहले हिंदू अलर्ट, हिंसा के डर के बीच बनाई ‘माइनॉरिटी सेफ्टी सेल’: 2000 हिंसक घटनाओं के बाद बड़ा कदम, हेल्पलाइन नंबर भी जारी

बांग्लादेश में गुरुवार (12 फरवरी 2026) को होने वाले आम चुनावों से ठीक पहले हिंदू संगठनों ने अपनी सुरक्षा के लिए कमर कस ली है। अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा को देखते हुए एक विशेष ‘माइनॉरिटी सेफ्टी मॉनिटरिंग सेल’ का गठन किया गया है।

इस सेल का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान हिंदुओं को डराने-धमकाने की घटनाओं को रोकना और उन्हें बिना किसी डर के वोट डालने में मदद करना है। संगठनों ने ढाका और चिटगाँव जैसे संवेदनशील इलाकों के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल भी जारी किए हैं ताकि किसी भी मुसीबत में तुरंत मदद पहुँचाई जा सके।

यह फैसला पिछले 18 महीनों में हुई करीब 2000 साम्प्रदायिक घटनाओं को देखते हुए लिया गया है, जिनमें मंदिरों पर हमले और मानवाधिकारों का उल्लंघन शामिल है। यह मॉनिटरिंग सेल न केवल हिंदुओं बल्कि अन्य छोटे धार्मिक समूहों की भी निगरानी करेगा।

अगर कहीं भी हिंसा या उत्पीड़न की खबर मिलती है, तो यह सेल तुरंत सबूत जुटाकर चुनाव आयोग, अंतरिम सरकार और अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों को रिपोर्ट भेजेगा। हिंदू संगठनों का कहना है कि इस पहल से न केवल हिंसा पर लगाम लगेगी, बल्कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान भी सुनिश्चित हो सकेगा।