जिन्न का डर दिखाकर महिलाओं से संबंध बनाता आलिम कमरुद्दीन, लड्डू में जहर देकर 8 हत्याओं की बात भी कबूली: दिल्ली पीरागढ़ी हत्याकांड में पकड़ा गया है आरोपित

दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट थाना क्षेत्र के पीरागढ़ी इलाके में कार से तीन शव मिलने के मामले ने अब एक खौफनाक और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। पुलिस जाँच में सामने आया है कि आरोपित आलिम कमरुद्दीन ने जिन्न का डर दिखाकर महिलाओं के साथ अवैध संबंध बनाए और कुल आठ लोगों की हत्या को अंजाम दिया था।

पूछताछ में आरोपित कमरुद्दीन ने कबूल किया है कि वह जिन्न से मिलाने और धनवर्षा कराने का झाँसा देकर परिवारों को अपने जाल में फँसाता था। वह खास तौर पर लंबी और सुंदर महिलाओं को चुनने की शर्त रखता और उन्हें एक कमरे में अकेले ले जाकर कथित अनुष्ठान के नाम पर शारीरिक शोषण करता था।

महिलाओं को डराया जाता था कि यह संपर्क अदृश्य जिन्न के माध्यम से होगा और उन्हें इसका अहसास भी नहीं होगा। पुलिस की फोरेंसिक जाँच में कई महिलाओं की ऐसी तस्वीरें भी मिली हैं, जिनमें वे झाड़-फूंक के दौरान बैठी नजर आ रही हैं। आरोपित फोन साथ न ले जाने और फ्लाइट मोड में रखने जैसी शर्तें भी लगाता था ताकि कोई साक्ष्य न बच सके।

जहर देकर हत्याएँ और अंतरराज्यीय नेटवर्क

पीरागढ़ी मामले में सामने आया है कि तीनों पीड़ितों को लड्डू में सल्फास और नींद की गोलियाँ मिलाकर खिलाई गई थीं, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपित ने अब तक आठ हत्याओं की बात स्वीकार की है, जिनमें दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मामले भी शामिल हैं।

पुलिस को शक है कि यह एक बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह है, जिसके तार कई राज्यों से जुड़े हैं। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस ने यूपी और राजस्थान पुलिस से संपर्क कर जाँच तेज कर दी है और सल्फास की आपूर्ति करने वाले सप्लायर की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

काली कमाई से बनी बेनामी संपत्ति होगी कुर्क

जाँच में यह भी सामने आया है कि आरोपित खुद को बिना टांके की सर्जरी करने वाला चमत्कारी हकीम बताकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था। इसी ठगी और अपराध की कमाई से उसने फिरोजाबाद में प्लॉट और एक भव्य मैरिज हाल जैसी बेनामी संपत्तियाँ खड़ी कीं।

दिल्ली पुलिस अब इन सभी संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क करने की तैयारी में है, ताकि अपराध से कमाए गए हर एक रुपए को जब्त किया जा सके। गौरतलब है कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर बुधवार (11 फरवरी 2026) एक कार में तीन शव मिलने का मामला सामने आया था।

जिसके बाद पुलिस ने आलिम करीमुद्दीन को गिरफ्तार किया था। शवों पर चोट के कोई साफ निशान नहीं थे, जिससे पुलिस को शक था कि उन्हें या तो कोई जहरीली चीज दी गई या दम घोंटा गया या कोई और तरीका अपनाया गया था।