करीमुद्दीन ने जहरीला लड्डू देकर की थी 3 हिंदुओं की हत्या, दिल्ली में कार में मिले शव मामले में खुलासा: धनवर्षा का दिया लालच, पैसे लूटकर हुआ फरार

दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर कार में तीन शव मिलने की मिस्ट्री पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने ‘करीमुद्दीन’ नाम के एक पीर को गिरफ्तार किया है। जाँच में पता चला है कि पीर लोगों को झाड़-फूँक से पैसे दोगुने करने का लालच देता था।

मरने वाले तीनों लोग ‘रणधीर, शिव नरेश और लक्ष्मी देवी’ भी इसी झाँसे में आकर पीर के संपर्क में आए थे। पुलिस को CCTV फुटेज में पीर वारदात वाले दिन कार की अगली सीट पर बैठा दिखाई दिया है।

पीर करीमुद्दीन बेहद शातिर है और भोले-भाले लोगों को कम समय में अमीर बनने का सपना दिखाता था। पुलिस के अनुसार, जिस सफेद टाटा टिएगो कार में शव मिले, उसमें पीर काफी देर तक मौजूद था।

हालाँकि शवों पर चोट के कोई निशान नहीं थे, जिससे मामला उलझा हुआ था, लेकिन पीर की मौजूदगी ने सारा राज खोल दिया है। पुलिस अब पूछताछ कर रही है कि पीर ने कार के अंदर ऐसा क्या किया जिससे तीनों की जान चली गई। क्या उन्हें कोई जहरीली चीज दी गई या दम घोंटा गया, इसकी गहन जाँच जारी है।