बांग्लादेश में आम चुनावों में जीत के बाद BNP सरकार बनने की तैयारियाँ चल रही हैं। इसी बीच विरोधी दल जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन ने वोटों की धाँधली का आरोप लगाते हुए 32 निर्वाचन क्षेत्रों में दोबारा मतगणना की माँग की है।
ढाका में चुनाव आयोग के मुख्यालाय के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए जमात-ए-इस्लामी के सहायक महासचिव हामिदुर रहमान आजाद ने कहा, “शुरुआत अच्छी थी, लेकिन अंत अच्छा नहीं रहा।” आजाद ने आगे कहा, “फर्जी वोटों की भरमार थी, काला धन इधर-उधर बह रहा था और कई जगहों पर धमकियाँ और झड़पें हुईं। इन तत्वों ने चुनाव की निष्पक्षता पर संदेह पैदा कर दिया है।”
आजाद ने बताया कि उनके गठबंधन ने चुनाव आयोग को 32 निर्वाच क्षेत्रों की सूची सौंपी है, जहाँ मतगणना में गड़बड़ी के चलते उनके उम्मीदवारों को बहुत कम अंतर से हारना पड़ा। इसके साथ ही 11 दलों के इस गठबंधन ने चुनावी ‘हिंसा’ की निंदा के लिए सोमवार (16 फरवरी 2026) को ढाका की मुकर्रम मस्जिद में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में हुए 13वें संसदीय चुनाव में BNP के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 300 में से 212 सीटें जीतकर सदस्यीय संसद में दो-तिहाई बहुमत का आँकड़ा पार किया। वहीं चुनाव में जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन ने केवल 77 सीटें हासिल की।

