ब्रिटेन के पीटरबरो शहर में स्थित एकमात्र हिंदू मंदिर और सामुदायिक केंद्र के भविष्य को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भारत हिंदू समाज (BHS) ने आरोप लगाया है कि पीटरबरो सिटी काउंसिल के हालिया कैबिनेट फैसले के बाद इस मंदिर को बंद किए जाने का खतरा पैदा हो गया है। दावा किया जा रहा है कि इस मंदिर की जगह पर किसी मस्जिद का निर्माण कराया जा सकता है।
News18 की रिपोर्ट के अनुसार, परिषद ने अपने बजट घाटे को कम करने के उद्देश्य से इस संपत्ति को एक अज्ञात बोली लगाने वाले (Bidder) को बेचने का निर्णय लिया है। करीब चार दशकों से यह केंद्र न सिर्फ धार्मिक गतिविधियों का केंद्र रहा है बल्कि सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक शिक्षा और सामुदायिक सहयोग का भी प्रमुख आधार रहा है।
35 से 40 मील के दायरे में यह इकलौता हिंदू मंदिर है, जहाँ आसपास के करीब 18 हजार श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। संगठन ने बताया कि उन्होंने पिछले 14 वर्षों से परिषद के साथ बातचीत कर इस स्थान को खरीदने की कोशिश की लेकिन हर बार उनकी कोशिश नाकाम रही।
यह भी कहा जा रहा है कि इस स्थान का अधिकार किसी मुस्लिम संस्था को दिया जा सकता है, जिससे तनाव और बढ़ गया है। हिंदू समाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस विषय में हस्तक्षेप की अपील की है, ताकि ब्रिटेन में बसे हिंदू समुदाय के धार्मिक और सांस्कृतिक अधिकारों की रक्षा हो सके।

