‘जिसे सौंपी देश की बागडोर, उसने पार की हर हद’ बांग्लादेश के राष्ट्रपति शाहाबुद्दीन ने मोहम्मद यूनुस पर लगाए गंभीर आरोप: कहा- मैं लगभग बंधक था, सबसे रखा गया दूर

बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन ने अंतरिम सरकार के पूर्व मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बंगाली दैनिक कालेर कंठो को दिए गए एक इंटरव्यू में राष्ट्रपति ने कहा कि यूनुस ने राष्ट्रपति पद को लगातार हाशिये पर रखा, संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया और उनके अधिकारों को सीमित करने की कोशिश की।

शाहाबुद्दीन ने कहा कि अंतरिम सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू करने में उनकी अहम भूमिका होने के बावजूद यूनुस ने कभी उनसे संपर्क तक नहीं किया। उन्होंने कहा, “मैं ही वह स्रोत था, जिसके माध्यम से वह मुख्य सलाहकार बने, फिर भी उन्होंने मुझसे कभी तालमेल नहीं रखा। एक बार भी मुझसे मिलने नहीं आए और मुझे पूरी तरह अंधेरे में रखने की कोशिश की।”

राष्ट्रपति ने कहा, “संविधान कहता है कि जब भी वह विदेश यात्रा से लौटे, तो राष्ट्रपति से मिलकर लिखित रूप में चर्चा और परिणामों की जानकारी दे। उन्होंने 14 से 15 बार विदेश यात्राएँ कीं, लेकिन एक बार भी मुझे सूचना नहीं दी।” राष्ट्रपति ने दावा किया कि अमेरिका के साथ हुए एक महत्वपूर्ण समझौते सहित कई बड़े सरकारी मामलों की जानकारी उन्हें नहीं दी गई।

बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन ने, “मुझे इसके बारे में कुछ भी पता नहीं था। इस तरह के राज्य समझौते की जानकारी राष्ट्रपति को देना संवैधानिक दायित्व है, लेकिन उन्होंने मुझे कुछ नहीं बताया।”

राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने कहा, “उन डेढ़ वर्षों (यूनुस की सत्ता) के दौरान, मैं किसी भी चर्चा में शामिल नहीं हुआ, फिर भी मेरे खिलाफ तरह-तरह की साजिशें रची गई। देश की शांति और व्यवस्था को स्थायी रूप से नष्ट करने और संवैधानिक शून्य पैदा करने के कई प्रयास किए गए हैं।”

अपने खिलाफ अचानक प्रदर्शन के सवाल पर उन्होंने कहा, “22 अक्टूबर, 2024 को बंगभवन को घेर लिया गया। ये और वो पार्टी, मंच, एकता…ये सब कुछ रातों-रात हो गया! ये सब एक ही तरह के लोग हैं, अलग-अलग मंचों पर, अलग-अलग नामों से। उन्हें इतना पैसा कहाँ से मिला?”

राष्ट्रपति ने कहा, “मूल रूप से मुझे हटाने की पहल जन आंदोलन के कुछ नेताओं के दबाव में की गई थी। राजनीतिक दलों ने आपस में लंबी चर्चा के बाद इस मुद्दे पर फैसला लिया। यहां तक ​​कि अंतरिम सरकार ने भी फैसला कर लिया।” उन्होंने BNP नेताओं और सशस्त्र बलों को समर्थन देने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने आश्वासन दिया था कि वे असंवैधानिक तरीके से राष्ट्रपति को हटाने के पक्ष में नहीं हैं।