बारिश में सड़क पर पानी भरने से स्कूल जाने में हो रही थी परेशानी, CM योगी ने सुनी छात्रा की गुजारिश: अलीगढ़ में दिखी सरकार की तत्परता, बनने लगी सड़क

अलीगढ़ में एक बच्ची ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर सीएम योगी आदित्यनाथ से स्कूल को जाने वाली सड़क दुरुस्त करने की अपील की। मुख्यमंत्री तक ये अपील पहुँची तो मामला तुरंत संज्ञान में लिया गया और अब सड़क बननी शुरू भी हो गई।

दरअसल, यहाँ के महुआखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर-24 के देवसैनी मोहल्ले में बारिश के मौसम में एक सड़क पर इतना पानी और कीचड़ भर जाता था कि स्कूल जाने वाले बच्चों की यूनिफॉर्म रोज गंदी हो जाया करती थी। इससे परेशान होकर एक स्कूली छात्रा ने एक वीडियो बनाया। इसमें उसने सीधे उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से सड़क बनवाने की अपील की।

देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुँच गया। बच्ची की अपील की असर ये हुआ कि अब उसी सड़क पर आखिरकार निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में दिखाया गया था कि कैसे बच्चे पानी और कीचड़ से भरी सड़क को पार करते हुए स्कूल जा रहे हैं। इसी वीडियो में एक छात्रा ने अपनी परेशानी खुलकर बताई कि किस तरह रोज सुबह घर से साफ-सुथरे कपड़े पहनकर निकलना और फिर रास्ते में ही गंदा हो जाना उसकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया था।

आवाज छोटी थी, पर असर बड़ा हुआ

इस पूरे मामले की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह शिकायत किसी नेता, अधिकारी या संगठन की तरफ से नहीं आई, बल्कि एक साधारण स्कूली छात्रा ने अपनी बात रखी। उसने न तो कोई प्रदर्शन किया, न कोई याचिका दायर की, बस अपनी तकलीफ ईमानदारी से बताई और सरकार ने उस पर ध्यान दिया।

स्थानीय लोगों और खासकर उन बच्चों को, जो पैदल या साइकिल से स्कूल जाते हैं, अब इस निर्माण से राहत मिलने की उम्मीद है। कीचड़ भरे रास्ते से रोज गुजरना छोटे बच्चों के लिए वाकई मुश्किल भरा अनुभव होता है। न सिर्फ कपड़े गंदे होते हैं, बल्कि कई बार फिसलने और गिरने का डर भी बना रहता है।

छात्रा की अपील के बाद प्रशासन ने सड़क बनाने का कार्य शुरू किया।

सिर्फ सड़क नहीं, स्कूल पहुँचने का भरोसा भी

आमतौर पर जब शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात होती है, तो ध्यान स्कूल भवन, कक्षाओं, डिजिटल सुविधाओं, पीने के पानी और शौचालयों जैसी चीजों पर ज्यादा जाता है। लेकिन बच्चे स्कूल तक पहुँचें कैसे, यह सवाल अक्सर पीछे छूट जाता है। जबकि हकीकत यह है कि अगर रास्ता ही सुरक्षित और साफ नहीं होगा, तो बाकी सुविधाओं का पूरा फायदा भी बच्चों तक नहीं पहुँच पाएगा।

अलीगढ़ में शुरू हुआ यह निर्माण कार्य उसी बुनियादी जरूरत को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। जिस छात्रा ने अपनी बात मुख्यमंत्री तक पहुँचाई थी, आज उसकी शिकायत सड़क पर चल रहे काम के रूप में हकीकत बनती दिख रही है।

फिलहाल काम प्रगति पर है, और उम्मीद जताई जा रही है कि सड़क बनकर तैयार होने के बाद अगली बारिश में बच्चों को न तो पानी-कीचड़ से जूझना पड़ेगा और न ही उनकी स्कूल ड्रेस पहले जैसी गंदी होगी।