कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने पीएम मोदी को बताया ‘यूनिक’, बोले 25 साल में नहीं ली छुट्टी: UPI और ग्रामीण डिलीवरी मॉडल की जमकर तारीफ

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भारत यात्रा और अपनी हालिया मुलाकात को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  को ‘यूनिक गाइ’ बताया। उन्होंने कहा कि मोदी ने पिछले 25 साल में एक भी दिन की छुट्टी नहीं ली है।

यह बात उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित लोवी संस्थान में आयोजित एक सेमिनार के दौरान कही। कार्नी का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत और कनाडा दोनों देश आपसी रिश्तों को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

मोदी की कार्यशैली की तारीफ, रिश्तों में नई शुरुआत

सेमिनार में सवाल पूछे जाने पर कार्नी ने कहा, “वो वाकई अलग हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री रहने से लेकर अब तक उन्होंने एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली। हर वीकेंड रैली में होते हैं और लाखों लोग उनकी सभाओं में आते हैं।” उन्होंने मजाक करते हुए अपने मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन से तुलना भी की, जिस पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े।

कार्नी ने खास तौर पर UPI और भुगतान प्रणाली में बदलाव की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी की कोशिश रही है कि सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे ग्रामीण परिवारों तक पहुँचे, बिना किसी लीकेज के।

उनके मुताबिक, करोड़ों लोगों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ना एक बड़ी उपलब्धि है। कार्नी चार दिन की भारत यात्रा पर आए थे। यह पिछले आठ साल में किसी कनाडाई प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा थी।

दोनों देशों के बीच क्रिटिकल मिनरल्स और यूरेनियम आपूर्ति को लेकर समझौते हुए। कनाडा की कंपनी कैमेको ने 2027 से 2035 तक भारत को यूरेनियम सप्लाई करने का लंबी अवधि का करार किया है। कार्नी ने भारत-कनाडा रिश्तों को नई साझेदारी का दौर बताया और कहा कि दोनों देश व्यापार, ऊर्जा और रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाना चाहते हैं।