‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ से अब आराम से गुजरेंगे भारतीय झंडे वाले जहाज: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरान से की बात, रिपोर्ट्स में दावा

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत की कूटनीतिक कोशिशों को बड़ी सफलता मिली है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच हुई बातचीत के बाद ईरान ने भारतीय तेल टैंकरों को महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से गुजरने की अनुमति दे दी है

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहाँ से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की बड़ी मात्रा का परिवहन होता है। हाल के दिनों में क्षेत्र में बढ़े तनाव के कारण इस मार्ग पर जहाजों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

हालाँकि अब सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि, भारत ने अपनी ऊर्जा आपूर्ति को सुरक्षित रखने के लिए तुरंत कूटनीतिक पहल की। जिसके बाद ये निर्णय आया।

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने अमेरिकी, यूरोपीय और इज़राइली जहाजों पर पाबंदी लगाई है, लेकिन भारतीय जहाजों को गुजरने की अनुमति दी गई है। इस मुद्दे पर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और फ्रांस के विदेश मंत्री ज्यां-नोएल बारो से भी बातचीत की है, ताकि क्षेत्र में स्थिरता बनी रहे और ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित न हो।