हरियाणा के नूंह जिले से रेप और धर्मांतरण का मामला सामने आया है। यहाँ ढोंड गाँव निवासी जहीर पर पंजाब की एक 24 वर्षीय हिंदू महिला से कई बार रेप करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता पंजाब के फिरोजपुर की रहने वाली और पेशे से नर्स है। उसने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले सोशल मीडिया पर उसकी मुलाकात जहीर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपित ने शादी का वादा कर उसे अपने विश्वास में ले लिया। महिला पहले से शादीशुदा थी, लेकिन उसका तलाक हो चुका है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपित ने उसे दावत के बहाने एक होटल में बुलाया, जहाँ उसके साथ जबरन रेप किया और अश्लील वीडियो बना ली। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपित लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा। इस दौरान कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया गया और करीब डेढ़ लाख रुपए भी ऐंठ लिए गए।
20 मार्च 2026 को आरोपित उसे ईद पर अपने गाँव ले गया, जहाँ 20 से 24 मार्च 2026 के बीच उसे बंधक बनाकर रखा गया और कई बार रेप किया गया। इस दौरान आरोपित ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। यहाँ तक कि उसे जबरन मांस खिलाने का भी आरोप है।
शनिवार (28 मार्च 2026) की रात को महिला किसी तरह आरोपित के चंगुल से भाग निकली और फिरोजपुर झिरका थाने पहुँचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया।
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। साथ ही ‘हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ अनलॉफुल कन्वर्जन ऑफ रिलिजन एक्ट 2022’ के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

