मध्य प्रदेश के नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़दा में बुधवार (01 अप्रैल 2026) की रात एक नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ की घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया। गाँव के पंक्चर बनाने वाले 55 वर्षीय बुजुर्ग अब्दुल रहमान पुत्र गनी मोहम्मद रहमान पर 13 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तुरंत चक्काजाम कर दिया और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की।
जानकारी के मुताबिक, अब्दुल रहमान पड़ोस में ही रहता है। वो बुधवार की रात पीड़ित परिवार के घर में घुस गया और बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ रेप की कोशिश की। बच्ची जब चिल्लाने लगी तो वो धमकाते हुए फरार हो गया। पीड़ित बच्ची का परिवार जब वापस लौटा, तो उसने परिवार को रोते हुए सारी बात बताई। इसके बाद हल्ला मचा तो अब्दुल रहमान गाँव से गायब हो गया।
गुरुवार (02 अप्रैल 2026) की सुबह जैसे ही ये खबर पूरे इलाके में फैली और लोग उत्तेजित हो गए। उन्होंने कार्रवाई की माँग को लेकर हंगामा किया और सड़क को भी जाम कर दिया। इस दौरान हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने भी प्रशासन से कार्रवाई की माँग की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्रामीणों की मुख्य माँग थी कि आरोपित अब्दुल रहमान को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसके अवैध मकान को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया जाए। पंचायत प्रशासन ने भी आरोपित के अवैध निर्माण पर नोटिस चस्पा किया और जेसीबी मशीन मौके पर बुलाई गई। पुलिस अधिकारी लगातार ग्रामीणों को शांत रहने की अपील कर रहे थे लेकिन भीड़ आरोपित के घर को तुरंत तोड़ने पर अड़ी हुई थी।
कुछ उत्तेजित ग्रामीण अब्दुल रहमान के घर में घुस गए और वहाँ तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आँसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस दौरान गाँव में अफरा-तफरी मच गई।
एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि छेड़छाड़ की घटना के विरोध में ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने कानून हाथ में लेने की कोशिश की और पथराव किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। उपद्रव करने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है और उनकी मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।

