बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर वोटबैंक के लिए चुप्पी साध लेती हैं ममता बनर्जी: UP CM योगी ने TMC पर साधा निशाना, कहा- मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए ये कुछ भी करेंगे

पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (12 अप्रैल 2026) को बांकुड़ा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हाल ही में एक दलित हिंदू की बेरहमी से हत्या हुई, जिस पर उन्होंने विरोध जताया, लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली। सीएम योगी ने कहा कि ममता बनर्जी वोट बैंक की राजनीति के चलते इस मुद्दे पर बोलने से डर रही हैं।

उन्होंने कहा, “आपने देखा होगा अभी हाली में कुछ दिन पूर्व बांग्लादेश में एक दलित हिंदु की निर्मम हत्या कर दी गई। भाजपा विरोध करती है, हम लोगों ने उसके खिलाब आंदोलन किया, लेकिन बंगाल की सीएम ममता दीदी मौन रही। उनको भय था कि अगर वो बोलेगी तो कहीं उनका मुस्लिम वोट न खिसक जाए।”

सीएम ने आगे कहा, “ये वोट बेंक के सौदागर बंगाल की डेमोग्राफी को बदलना चाते हैं। आपके पास वर्तमान का समय है और वक्त आपका आह्वान कर रहा है आने वाली पीढ़ी के साथ कॉन्ग्रेस, बामपंथ और TMC को खिलवाड़ करने की छूट मत दीजिये।”

विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- केवल BJP कर सकती है वामपंथी गुंडो का इलाज

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कॉन्ग्रेस, वाम दलों और TMC पर राज्य की भावी पीढ़ी को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये दल पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा और नवरात्र जैसे हिंदू त्योहारों के दौरान बाधाएँ उत्पन्न करते हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि यह सही समय है जब सभी लोग एकजुट होकर बंगाल को उसके पुराने गौरव की ओर वापस ले जाएँ। अपने संबोधन में सीएम योगी ने ‘डबल इंजन सरकार’ का जिक्र करते हुए कहा कि यदि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है, तो उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाएगा।

उन्होंने कहा, “डबल इंजन की भाजपा सरकार दंगाईयों का इलाज कर देगी। ये जो TMC और वामपंथ के जितने भी गुंडे हैं, इनका उपचार किसी के पास है तो वो BJP की डबल इंजन सरकार के पास है।”